Haryana News : हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करा रहे लाखों गरीब परिवारों के लिए बुरी खबर है. प्रदेश के आयुष्मान पैनल में शामिल निजी अस्पतालों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) हरियाणा ब्रांच ने ऐलान किया है कि 1 सितंबर को पूरे प्रदेश में आयुष्मान सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद रखी जाएंगी. अगर सरकार ने जल्द भुगतान नहीं किया तो 16 सितंबर से ये सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी.
IMA हरियाणा ने इस संबंध में CEO, आयुष्मान HPA, हरियाणा को एक सख्त पत्र लिखा है. यह पत्र 27 अगस्त 2026 को IMA हरियाणा की अध्यक्ष डॉ. सुनीला सोनी, मानद सचिव डॉ. योगेश जिंदल और IMAHBI के चेयरमैन डॉ. अजय महाजन की ओर से जारी किया गया है. पत्र का नंबर No IMAHSB2026/152 है.
15 दिन की जगह 6 महीने से नहीं मिल रहा पैसा
IMA ने अपने पत्र में लिखा है कि आप अच्छी तरह से जानते हैं कि आयुष्मान से जुड़े अस्पताल गंभीर वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. इसका एक ही कारण है. क्लेम के भुगतान में लगातार देरी रही है. नियमानुसार किसी भी क्लेम का भुगतान 15 दिनों के अंदर हो जाना चाहिए. लेकिन हकीकत यह है कि अब यह देरी 6 महीने से भी ज्यादा हो चुकी है. अस्पतालों ने मरीजों का इलाज कर दिया, पैसा अपनी जेब से लगाया, लेकिन सरकार की ओर से भुगतान नहीं आ रहा है. इससे कई अस्पतालों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वे आयुष्मान सेवाओं को जारी रखने में असमर्थ हैं.
IMA ने पत्र में एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया है. एसोसिएशन ने लिखा है कि हमें आपको यह बताते हुए खेद हो रहा है कि हाल ही में एक अस्पताल को ऐसी वित्तीय कठिनाइयों के कारण बंद होने के लिए मजबूर होना पड़ा.
योजना की साख पर सवाल
IMA का कहना है कि भुगतान में यह लगातार देरी न केवल अस्पतालों को बर्बाद कर रही है, बल्कि इसका सीधा असर हरियाणा के गरीब लाभार्थियों पर पड़ रहा है. जब अस्पतालों के पास ही पैसा नहीं होगा तो वे मरीजों को बेहतर सुविधाएं कैसे दे पाएंगे. इससे देश के माननीय प्रधानमंत्री की इस प्रतिष्ठित योजना की विश्वसनीयता और स्थिरता भी खतरे में पड़ रही है. एसोसिएशन ने नाराजगी जताते हुए कहा है कि पिछले तीन सालों से उन्हें सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर स्थिति जस की तस बनी हुई है. अब पानी सिर से ऊपर निकल चुका है.
दिल्ली में एम्स की तर्ज पर बनेगा ‘सुपर मेडिकल हब’, तीन बड़े सरकारी अस्पतालों का होगा विलय
IMA का दो-चरणीय आंदोलन
सरकार, संबंधित अधिकारियों, मीडिया और आम जनता का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचने के लिए IMA ने सांकेतिक हड़ताल का फैसला लिया है. पहला चरण सांकेतिक बंद: 1 सितंबर को मध्यरात्रि 00:00 बजे से लेकर रात 24:00 बजे तक, यानी पूरे 24 घंटे के लिए हरियाणा के सभी आयुष्मान पैनल वाले अस्पताल आयुष्मान सेवाओं को निलंबित रखेंगे. इस दौरान आयुष्मान कार्ड पर कोई नया दाखिला या इलाज नहीं होगा.
दूसरा चरण पूर्ण बहिष्कार: IMA ने चेतावनी दी है कि अगर इस सांकेतिक विरोध के बाद भी सरकार नहीं जागी और भुगतान में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ, तो एसोसिएशन और भी कड़ा कदम उठाने पर मजबूर होगी. 16 सितंबर की मध्यरात्रि 00:00 बजे से प्रदेश के सभी पैनल वाले अस्पताल आयुष्मान सेवाओं से पूरी तरह से हट जाएंगे.
सरकार इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करेगी
फिलहाल IMA ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करेगी, सभी लंबित बकायों का तुरंत भुगतान करेगी और भविष्य में समय पर भुगतान के लिए एक स्थायी और ठोस तंत्र बनाएगी, ताकि ऐसी नौबत दोबारा न आए. अब देखना होगा कि हरियाणा सरकार और आयुष्मान हरियाणा प्राधिकरण इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है, क्योंकि अगर 16 सितंबर से अस्पताल सच में इस योजना से हट गए तो प्रदेश के लाखों आयुष्मान लाभार्थियों के सामने इलाज का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा.
