MP News : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है. रविवार का दिन शहरवासियों के लिए किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ, जब एक आवारा और बेहद आक्रामक कुत्ते ने पूरे शहर में दहशत फैला दी. इस सिरफिरे कुत्ते ने राह चलते, खेलते और दुकानदारी कर रहे मासूम बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, लगभग 60 लोगों को अपना शिकार बना डाला.
तीन इलाकों में किया कुत्तों ने हमला
इस अचानक हुए हमले से शहर में हड़कंप मच गया और जिला अस्पताल का ट्रॉमा सेंटर घायलों से खचाखच भर गया. तीन इलाकों में चुन-चुन कर किया हमला, संभलने का भी मौका नहीं मिला. चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस आक्रामक कुत्ते ने शहर के तीन अलग-अलग रिहाइशी और व्यापारिक इलाकों को निशाना बनाया.
पंचर की दुकान चलाने वाले स्थानीय निवासी रज्जाक ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह रोज की तरह दुकान पर काम कर रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया. राहगीर भी बने शिकार एक अन्य घायल ओमवीर सिंह ने बताया कि कुत्ता इतना हिंसक था कि किसी को संभलने या भागने तक का मौका नहीं मिला. वह सामने आने वाले हर शख्स को काटता हुआ आगे बढ़ रहा था.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
रविवार को शिवपुरी के जिला अस्पताल में नजारा आम दिनों से बिल्कुल अलग था. जहां रोजाना अमूमन 10 से 15 डॉग बाइट (कुत्ते के काटने) के मामले आते हैं. वहीं, रविवार को यह आंकड़ा सीधे 60 पार कर गया. एक ही दिन में इतनी बड़ी तादाद में डॉग बाइट के मरीजों का आना बेहद हैरान करने वाला है. हालांकि, अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन (ARS) और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक है. सभी घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया है. जनता से अपील है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल आएं.
प्रशासन की खुल गई पोल
इस भयावह घटना ने शिवपुरी नगर पालिका की मुस्तैदी और उनकी कार्यप्रणाली को पूरी तरह कठघरे में खड़ा कर दिया है. शहर में आवारा जानवरों और कुत्तों की नसबंदी व उन्हें पकड़ने का दावा करने वाले प्रशासन की पोल तब खुली, जब खुद नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे की पत्नी भी इस सनकी कुत्ते का शिकार बन गईं. मामला खुद के घर तक पहुंचने के बाद नगर पालिका प्रशासन जागा. अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे के अनुसार, सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को अलर्ट मोड पर डालकर कुत्ते को पकड़ने के लिए रवाना कर दिया गया है.
मध्य प्रदेश से आशीष पांडे की रिपोर्ट
