Home Top News हरदीप सिंह पुरी फिर जाएंगे राज्यसभा, BJP ने MP उपचुनाव के लिए घोषित किया उम्मीदवार

हरदीप सिंह पुरी फिर जाएंगे राज्यसभा, BJP ने MP उपचुनाव के लिए घोषित किया उम्मीदवार

by Neha Singh 28 October 2026, 3:11 PM IST (Updated 28 October 2026, 3:15 PM IST)
28 October 2026, 3:11 PM IST (Updated 28 October 2026, 3:15 PM IST)
Union Petroleum Minister Hardeep Singh Puri

Hardeep Singh Puri: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया. दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली उच्च सदन (राज्यसभा) की सीट के लिए पुरी की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है. पार्टी के बयान में कहा गया, “भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए हरदीप सिंह पुरी के नाम को मंजूरी दे दी है.”

12 नवंबर को होगी वोटिंग

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब मध्य प्रदेश की उस एक राज्यसभा सीट के लिए तैयारियां चल रही हैं, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हो गई थी. इससे पहले 22 अक्टूबर को, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था. ECI द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, मुरुगन के इस्तीफे के बाद 14 अक्टूबर 2026 को यह सीट खाली हुई थी. उच्च सदन में उनका कार्यकाल मूल रूप से 2 अप्रैल 2030 को समाप्त होने वाला था. आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए अधिसूचना 26 अक्टूबर 2026 को जारी की गई. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर 2026 है और नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर 2026 को होगी. उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 तय की गई है.

मतदान 12 नवंबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच होगा, जिसके बाद उसी दिन शाम 5:00 बजे वोटों की गिनती की जाएगी. चुनाव आयोग ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएगी.

यूपी के बाद एमपी से जाएंगे राज्यसभा

पुरी एक अनुभवी राजनयिक से राजनेता बने हैं और मोदी सरकार में 2021 से ही केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हैं. वे यूपी से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है. क्योंकि पार्टी ने उन्हें यूपी राज्यसभा चुनाव में दोबारा उम्मदीवार नहीं बनाया था, इसलिए कयास लगाए जा रहे थे कि उनके पास से केंद्रीय मंत्री की कुर्सी भी जाएगी. लेकिन इस बीच बीजेपी ने उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बना दिया है. अगर वे जीतते हैं, तो उनकी सांसद और मंत्री की कुर्सी बरकरार रहेगी.

हरदीप पुरी जनवरी 2018 में पहली बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे. 2019 के आम चुनावों में, पुरी ने पंजाब के अमृतसर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद, 2020 में वे फिर से उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए.

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की नई रणनीति, 30 नवंबर को ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?