Sound Pollution: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की, जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है. पुलिस ने अभियान के दौरान जब्त किए गए करीब 200 लाउडस्पीकर और 50 से अधिक अवैध साइलेंसरों को जेसीबी मशीन से सार्वजनिक रूप से ध्वस्त कर सख्त संदेश दिया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अब किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी. यह कार्रवाई रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक के पास की गई.
स्वर्ण जयंती चौक पर एक्शन
पुलिस का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोनभद्र पुलिस ने सार्वजनिक रूप से जब्त किए गए करीब 200 लाउडस्पीकर और 50 से अधिक अवैध साइलेंसरों को नष्ट किया. रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक के पास जेसीबी मशीन की मदद से इन सभी उपकरणों को एक-एक कर नष्ट किया गया. यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अभियान का हिस्सा है. कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. जैसे ही जेसीबी ने लाउडस्पीकर और अवैध साइलेंसरों को तोड़ना शुरू किया, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए. लोगों ने पूरी कार्रवाई को देखा और पुलिस के इस कदम को ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में माना.
कानून तोड़ने वालों पर अब नहीं होगी नरमी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी लाउडस्पीकर और अवैध साइलेंसर अलग-अलग अभियानों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से जब्त किए गए थे. बिना अनुमति लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करना और वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करना कानून का उल्लंघन है. ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण केवल लोगों की असुविधा का कारण नहीं बनता, बल्कि इससे छात्रों, बुजुर्गों, मरीजों और आम नागरिकों को भी परेशानी होती है. इसी वजह से सार्वजनिक रूप से इन उपकरणों को नष्ट कर लोगों को जागरूक करने और कानून का पालन करने का संदेश दिया गया है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करें और बिना अनुमति लाउडस्पीकर का प्रयोग या वाहनों में अवैध साइलेंसर का इस्तेमाल न करें. पुलिस का कहना है कि जनहित में चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
- सोनभद्र से भरत कुमार की रिपोर्ट
