Famous Bollywood movie locations: ‘ये हसीं वादियां, ये खुला आसमां… आ गए हम कहां, ऐ मेरे साजना…’ कुछ गाने सिर्फ कानों को सुकून नहीं देते, बल्कि हमें उन खूबसूरत जगहों की सैर भी करा देते हैं, जहां उन्हें फिल्माया गया था. कभी बर्फ से ढकी पहाड़ियां दिल जीत लेती हैं, तो कभी झील के किनारे फिल्माया गया रोमांटिक सीन हमें अलग सपना दिखाने लगता है. यही तो बॉलीवुड का जादू है. 2-3 घंटे की फिल्म हमें सिर्फ कहानी नहीं सुनाती, बल्कि भारत की ऐसी खूबसूरत लोकेशंस से भी मिलवाती है, जिन्हें देखने के बाद हर किसी का दिल बोल उठता है कि, यार, यहां तो एक बार जरूर जाना है. बॉलीवुड ने पिछले कई सालों में भारत की अनगिनत जगहों को दुनिया भर में मशहूर किया है. कई शहर ऐसे हैं, जहां पहले सिर्फ लोकल लोग या कुछ ट्रैवलर्स ही जाते थे, लेकिन फिल्मों के बाद वहां टूरिस्ट्स की भीड़ उमड़ने लगी. आज आपके लिए भारत की उन्हीं शानदार जगहों की लिस्ट लेकर आए हैं, जिन्हें बॉलीवुड ने सुपरस्टार बना दिया.
लद्दाख
अगर बॉलीवुड की वजह से सबसे ज्यादा मशहूर हुई किसी जगह का नाम लिया जाए, तो लद्दाख की पैंगोंग झील सबसे ऊपर आती है. आमिर खान, करीना कपूर और आर. माधवन की फिल्म ‘3 इडियट्स’ का आखिरी सीन आज भी लोगों के जहन में ताजा है. नीले रंग की बड़ी झील, चारों तरफ बर्फ से ढके पहाड़ और सन्नाटा, ये नजारा किसी सपने से कम नहीं लगता. फिल्म रिलीज होने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ. आज भी हजारों लोग सिर्फ उस मशहूर स्कूटर और पीले स्टूल के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए पैंगोंग पहुंचते हैं. लद्दाख की नुब्रा वैली, लेह के मठ और ऊंचे पहाड़ भी कई फिल्मों की जान रहे हैं. यहां का हर नजारा ऐसा लगता है, जैसे प्रकृति ने खुद किसी फिल्म का सेट तैयार किया हो.

उदयपुर
अगर बॉलीवुड को किसी फिल्म में शाही रोमांस दिखाना हो, तो कैमरा अक्सर राजस्थान के उदयपुर की तरफ घूम जाता है. झीलों का ये शहर अपनी शानदार हवेलियों, महलों और राजसी अंदाज के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘राम-लीला’, ‘गाइड’ और कई फिल्मों ने उदयपुर की खूबसूरती को बड़े पर्दे पर शानदार तरीके से पेश किया है. लेक पिछोला में बोट राइड, सिटी पैलेस की खूबसूरत और शाम की सुनहरी रोशनी इस शहर को किसी फिल्मी सेट जैसा बना देती है. आज उदयपुर सिर्फ टूरिस्ट डेस्टिनेशन नहीं, बल्कि डेस्टिनेशन वेडिंग का भी सबसे पसंदीदा शहर बन चुका है. कई बॉलीवुड सितारे भी यहां शादी कर चुके हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ गई है.
जुलाई की गर्मी से चाहिए राहत? घूम आएं भारत के ये 10 Cool Places, जहां तापमान रहता है 25°C से कम
कश्मीर
जब भी बॉलीवुड में स्वर्ग जैसी खूबसूरती दिखानी होती है, तो सबसे पहले कश्मीर का नाम आता है. डल झील की शांत लहरें, गुलमर्ग की बर्फीली वादियां और पहलगाम की हरियाली दशकों से बॉलीवुड वालों की पहली पसंद रही हैं. शम्मी कपूर की फिल्म ‘कश्मीर की कली’ से शुरू हुआ ये सफर आज ‘रॉकस्टार’, ‘हाईवे’, ‘हैदर’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ तक पहुंच चुका है. कश्मीर की खूबसूरती हर दौर की फिल्मों में अलग अंदाज में नजर आई है. यहां शिकारे की सैर करना, बर्फ में खेलना और पहाड़ों के बीच चाय की चुस्की लेना किसी फिल्म के सीन से कम नहीं लगता. यही वजह है कि हर साल लाखों टूरिस्ट सिर्फ फिल्मों में देखी गई इन जगहों को अपनी आंखों से देखने पहुंचते हैं.

आगरा
फिल्मों में रोमांस की बात हो और ताजमहल का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. दुनिया के 7 अजूबों में शामिल ताजमहल बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा लोकेशंस में से एक है. ‘जब तक है जान’, ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’, ‘मुगल-ए-आजम’, ‘नमस्ते लंदन’ के साथ-साथ कई और फिल्मों में ताजमहल ने प्रेम की खूबसूरत कहानी को और खास बना दिया. वैसे, सिर्फ ताजमहल ही नहीं, आगरा का मुगल इतिहास, पुराने किले और ऐतिहासिक इमारतें भी फिल्मों में बार-बार नजर आती रही हैं. यही वजह है कि यहां हर साल दुनिया भर से करोड़ों टूरिस्ट पहुंचते हैं.
मुन्नार
अगर आपको हरी-भरी वादियां और चाय के बागान पसंद हैं, तो केरल का मुन्नार आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं. पश्चिमी घाट की पहाड़ियों के बीच बसा ये खूबसूरत हिल स्टेशन बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों का पसंदीदा शूटिंग स्पॉट रहा है. शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ हो या हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘लाइफ ऑफ पाई’, मुन्नार की खूबसूरती ने हर कहानी को और यादगार बना दिया. सुबह की धुंध, ठंडी हवाएं, दूर-दूर तक फैले चाय के बागान और पहाड़ों के बीच बनी घुमावदार सड़कें इस जगह को बहुत खास बनाती हैं. मुन्नार पहुंचकर ऐसा लगता है जैसे आप किसी रोमांटिक गाने की शूटिंग का हिस्सा बन गए हों. अगर आपने इस खूबसूरत जगह का दीदार अब तक नहीं किया है, तो छुट्टियां मिलते ही निकल लीजिए.
हिमाचल प्रदेश
अगर बॉलीवुड का कोई सबसे पसंदीदा पहाड़ी राज्य है, तो वो हिमाचल प्रदेश है. यहां की बर्फीली चोटियां, देवदार के जंगल, बहती नदियां और ठंडी हवाएं हर फिल्म को और खूबसूरत बना देती हैं. रणबीर कपूर की ‘ये जवानी है दीवानी’, करीना कपूर की ‘जब वी मेट’, ऋतिक रोशन की ‘बैंग बैंग’, आलिया भट्ट की ‘हाईवे’ और कई सुपरहिट फिल्मों की शूटिंग हिमाचल की हसीन वादियों में हुई है. मनाली की हरी-भरी घाटियां, शिमला की शांत सड़कें और धर्मशाला का सुकून हर साल लाखों टूरिस्टों को अपनी तरफ खींचता है. यहां पहुंचकर ऐसा लगता है जैसे जिंदगी की भागदौड़ कहीं पीछे छूट गई हो. फिल्मों में जब हीरो-हीरोइन बर्फ के बीच गाना गाते नजर आते हैं, तो अक्सर उसके पीछे हिमाचल की खूबसूरती ही होती है. पीर पंजाल पर्वतमाला में बसा रोहतांग पास हिमाचल का सबसे मशहूर टूरिस्ट स्पॉट है. ये लाहौल और स्पीति घाटियों का एंट्री गेट भी माना जाता है.

गुलमर्ग
अगर किसी जगह को बॉलीवुड ने सबसे ज्यादा रोमांटिक बनाया है, तो वो है कश्मीर का गुलमर्ग. हरे-भरे मैदान, दूर तक फैली बर्फ और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ इसे भारत का स्विट्जरलैंड बनाते हैं. ‘रॉकस्टार’, ‘हाईवे’, ‘हैदर’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों ने गुलमर्ग की खूबसूरती को दुनिया भर में मशहूर किया. सर्दियों में यहां स्कीइंग का मजा लिया जा सकता है, जबकि गर्मियों में यहां की हरी-भरी वादियां किसी पोस्टकार्ड जैसी नजर आती हैं. यही वजह है कि हर साल हजारों फिल्म प्रेमी सिर्फ इस एहसास के लिए यहां पहुंचते हैं कि ये वही रास्ता है, जहां उनके पसंदीदा सितारे चले थे.
ना दोस्त, ना फैमिली, फिर भी फुल ऑन मजा! ये हैं Solo Travel के लिए दुनिया की 10 सबसे शानदार जगह
गोवा
अगर बॉलीवुड में बीच, पार्टी और मस्ती दिखानी हो, तो कैमरा सीधा गोवा की तरफ घूम जाता है. गोवा के खूबसूरत बीच, नारियल के पेड़, रंग-बिरंगी गलियां और शानदार नाइट लाइफ इसे फिल्मों का पसंदीदा शूटिंग स्पॉट बनाते हैं. ‘दिल चाहता है’ ने गोवा को दोस्ती का नया प्रतीक बना दिया. चपोरा फोर्ट पर बैठे आमिर खान, सैफ अली खान और अक्षय खन्ना का वो सीन आज भी लोगों की ट्रैवल बकेट लिस्ट का हिस्सा है. इसके बाद ‘गो गोवा गॉन’, ‘डियर जिंदगी’, ‘गोलमाल’ और कई फिल्मों ने गोवा की खूबसूरती को नए अंदाज में पर्दे पर दिखाया. आज भी हजारों लोग सिर्फ ‘दिल चाहता है’ वाला फोटो क्लिक करने के लिए चपोरा फोर्ट पहुंचते हैं. अगर जिंदगी की भागदौड़ से कुछ दिन दूर रहना चाहते हैं, तो गोवा हमेशा तैयार खड़ा है.
मुंबई
अगर बॉलीवुड का दिल कहीं धड़कता है, तो वो मुंबई है. ये सिर्फ फिल्मों की राजधानी नहीं, बल्कि करोड़ों सपनों का शहर भी है. यहां की हर सड़क, हर समंदर किनारा और हर इमारत किसी न किसी फिल्म का हिस्सा रह चुकी है. मरीन ड्राइव पर शाम का नजारा हो, गेटवे ऑफ इंडिया की खूबसूरती या फिर कोलाबा की व्यस्त गलियां, मुंबई हर फिल्म में अलग अंदाज में नजर आती है. ‘दीवार’, ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘वेक अप सिड’, ‘धूम’, ‘सत्या’ और न जाने कितनी फिल्मों ने इस शहर को अपनी कहानी का मुख्य किरदार बनाया है. वैसे भी, मुंबई सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि हर उस इंसान की उम्मीद है जो फिल्मों में अपना नाम बनाना चाहता है.

फिल्मों ने बदली किस्मत
एक अच्छी फिल्म सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड नहीं बनाती, बल्कि पूरी जगह की पहचान भी बदल देती है. ‘दिल चाहता है’ के बाद गोवा का चपोरा फोर्ट, ‘जब वी मेट’ के बाद रोहतांग पास और ‘ये जवानी है दीवानी’ के बाद हिमाचल की खूबसूरती पहले से कहीं ज्यादा फेमस हो गई. आज इन जगहों पर लाखों टूरिस्ट सिर्फ इसलिए पहुंचते हैं क्योंकि उन्होंने इन्हें बड़े पर्दे पर देखा था. इसे ही फिल्म टूरिज्म कहा जाता है, जिसने भारत के कई राज्यों की टूरिस्ट इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. इसके अलावा हम अक्सर फिल्मों में किसी खूबसूरत जगह को देखकर सोचते हैं कि काश एक दिन यहां जा पाते. अच्छी बात है कि ये सभी जगहें हमारे अपने देश में हैं और यहां पहुंचना मुश्किल भी नहीं. चाहे हिमाचल की ठंडी वादियां हों, गुलमर्ग की बर्फीली ढलानें, गोवा के खूबसूरत बीच या मुंबई की सड़कें, हर जगह अपने अंदर एक अलग फिल्मी एहसास छिपाए बैठी है. ऐसे में अगली बार अगर छुट्टियों की प्लानिंग करें, तो सिर्फ होटल और टिकट के बारे में मत सोचिए. ये भी सोचिए कि किस फिल्म का कौन-सा सीन आपको सबसे ज्यादा पसंद है. हो सकता है अगली बार आप उसी सड़क पर चल रहे हों जहां करीना कपूर ने गीत बनकर मस्ती की थी. या उसी फोर्ट पर बैठे हों जहां ‘दिल चाहता है’ के तीन दोस्त जिंदगी की बातें कर रहे थे, या उसी मरीन ड्राइव पर शाम बिता रहे हों जहां बॉलीवुड के अनगिनत सपने शूट किए गए हैं.
50 हजार रुपये से कम में करें विदेश यात्रा, भारतीयों के लिए Visa Free हैं एशिया के ये 5 खूबसूरत देश
