Home Latest News & Updates राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्ट ने शुरू कराया प्रायश्चित पूजन; 70 वैदिक आचार्य हुए शामिल

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्ट ने शुरू कराया प्रायश्चित पूजन; 70 वैदिक आचार्य हुए शामिल

by Live Times 17 July 2026, 8:11 PM IST (Updated 17 July 2026, 9:50 PM IST)
17 July 2026, 8:11 PM IST (Updated 17 July 2026, 9:50 PM IST)
Theft Ram Mandir Trust initiates atonement ritual

Ram Mandir : श्री राम जन्मभूमि परिसर में करोड़ों रुपये के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच अब कई स्तरों पर आगे बढ़ रही है. एक ओर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की पवित्रता के शुद्धिकरण और क्षमा-याचना के उद्देश्य से 10 दिवसीय प्रायश्चित पूजन शुरू कराया है. वहीं, दूसरी ओर मामले के मुख्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू और मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड अदालत ने मंजूर कर दी है.

पुलिस कस्टडी में होगी पूछताछ

सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को शनिवार को विवेचक आशुतोष तिवारी पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ करेंगे. पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान चोरी की पूरी साजिश, चोरी के बाद धन और कीमती सामान के ठिकानों, संभावित सहयोगियों, लेन-देन और बरामदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. इससे पहले इसी मामले में गिरफ्तार छह अन्य आरोपियों से भी पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान विस्तृत पूछताछ की जा चुकी है और उनके बयानों के आधार पर कई अहम जानकारियां जांच टीम को मिली हैं.

10 दिनों तक किए जा रहे वैदिक अनुष्ठान

जांच के समानांतर ट्रस्ट ने धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विशेष प्रायश्चित अनुष्ठान शुरू कराया है. ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर परिसर के गर्भगृह, परकोटा और अन्य निर्धारित स्थलों पर एक साथ 10 दिनों तक वैदिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं. इस अनुष्ठान में मंदिर परिसर और आसपास के कुल 70 वैदिक आचार्य शामिल हैं, जो वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, रुद्राभिषेक तथा रामार्चन कर रहे हैं. ट्रस्ट का कहना है कि इस अनुष्ठान का उद्देश्य मंदिर की धार्मिक मर्यादा और पवित्रता की पुनर्स्थापना के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का संकल्प लेना भी है.

राम मंदिर चंदा चोरी : SC ने ट्रस्ट को दिया नोटिस, केंद्र और UP सरकार से भी मांगा जवाब

छोटे-छोटे निर्माण कार्य हासिल किए

पुलिस की आर्थिक जांच में मुख्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू की वित्तीय गतिविधियां भी जांच के दायरे में आ गई हैं. जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में उसने अपनी पत्नी पूनम देवी के नाम पर ‘सौंदर्य कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स’ नाम से एक फर्म पंजीकृत कराई थी. बताया जा रहा है कि फर्म ने पंजीकरण के कुछ ही समय बाद लोक निर्माण विभाग के छोटे-छोटे निर्माण कार्य हासिल किए और पहले ही वर्ष में लगभग 47.66 लाख रुपये का टर्नओवर दर्ज किया. जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि फर्म की आय, बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य आर्थिक लेन-देन का इस मामले से कोई संबंध है या नहीं.

मनी ट्रेल की भी हो रही है पड़ताल

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां आरोपी के चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, ठेकों, आय के स्रोतों और कथित मनी ट्रेल की भी पड़ताल कर रही हैं. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि चढ़ावे से जुड़े कथित गबन की राशि का उपयोग किन-किन माध्यमों से किया गया और क्या उसे अन्य कारोबारों में लगाया गया.

कई नए खुलासों का बन सकती है आधार

फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच, एसआईटी की कार्रवाई और ट्रस्ट की आंतरिक व्यवस्थाओं में सुधार की प्रक्रिया समानांतर रूप से जारी है. माना जा रहा है कि टिन्नू और मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस कस्टडी के दौरान होने वाली पूछताछ इस बहुचर्चित मामले में कई नए खुलासों का आधार बन सकती है.

राम मंदिर दान चोरी मामले की SIT जांच पूरी, जल्द सौंपेगी रिपोर्ट, ऑडिट सिस्टम में होंगे बड़े बदलाव

  • अयोध्या से अंशुमान तिवारी की रिपोर्ट

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?