UP Politics: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियां तेज कर दी हैं. साथ ही, वह विपक्ष पर भी लगातार हमलावर हैं. इसी कड़ी में सीएम योगी ने प्रयागराज के कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 घरों के निर्माण के लिए भूमि पूजन करने का ऐलान किया है. प्रयागराज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार माफिया के खिलाफ अभियान के तहत कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन का इस्तेमाल अब गरीबों के लिए घर बनाने में करेगी.
यूपी को सुरक्षित बनाने का काम किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय अतीक और अशरफ जैसे माफिया जिस भी जमीन पर कदम रख देते थे. वह उन्हीं की हो जाती थी और राज्य सरकार उनके सामने झुककर चुपचाप देखती रहती थी. हमारी बेटियों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती थी. 2017 में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई, तो हमने उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बनाने काम किया. साथ ही राज्य को भारत की अर्थव्यवस्था के लिए एक ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित करने और कानून का राज कायम करने का पक्का संकल्प लिया.
नतीजे साफ दिखाई दे रहे
सीएम योगी ने यह भी कहा कि कानून का राज स्थापित करने के अपने प्रयासों के तहत हमने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक अभियान शुरू किया. उन्होंने आगे कहा कि हमने अपने चुनावी वादे में प्रदेश को माफिया मुक्त बनाने का वादा किया था और आज उस संकल्प के नतीजे साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं.
सपा ने पहचान का संकट खड़ा किया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कसारी मसारी अब श्रीकृष्णपुरी के नाम से जानी जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि जब सपा सत्ता में आती है तो राज्य में माफिया और बदमाश लेकर आती है. साथ ही जब भाजपा आती है तो विकास और बदलाव को साथ लेकर आती है. हमारी सरकार का यही विकास है और यही बदलाव है. बिना भेदभाव के हर गरीब और हर जाति के व्यक्ति को आवास का लाभ मिलता है. अब प्रयागराज में कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस नहीं करता है. अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो फिर मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर लेगा.
संवैधानिक संस्थाओं में आम जनता का विश्वास ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: CM योगी आदित्यनाथ
News Source: ANI
