Ankit Balyan Murder: अंकित बालियान की रेकी करने वाले आरोपियों के एनकाउंटर के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. इसी बीच केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया. चौधरी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन ने इस ‘घिनौनी और साजिश के तहत की गई’ हत्या को गंभीरता से लिया है. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सीएम योगी के सामने भी उठाया मुद्दा
जयंत चौधरी ने बताया कि उन्होंने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की और उनके सामने ये मुद्दा उठाया. साथ ही चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अंकित एक कलाकार थे और जिस तरह से उनकी हत्या की गई है उसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि यह हमारा गांव है और ये हमारे लोग हैं. मैंने अंकित के पिता से भी मुलाकात की. मालूम हो कि 26 अगस्त की शाम अंकित शामली के कोतवाली क्षेत्र में एक जिम से निकल रहे थे और उस दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावरों ने गोलियां चला दीं. इसके बाद अंकित को नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
कानून की अपनी प्रक्रिया है
हत्याकांड में शामिल आरोपी शार्पशूटर मोहित और सुमित को सोमवार को शामली में पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया. इस पर जयंत चौधरी ने कहा कि कानून और व्यवस्था को तभी प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सकता है जब नागरिक सिस्टम पर भरोसा रखते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कानून की अपनी प्रक्रिया होती है. बस मैं यही कहना चाहता हूं कि सिस्टम में विश्वास होना चाहिए और पुलिस के पास अपना अधिकार होना चाहिए. वहीं, मीडिया ने जब उनसे पूछा कि क्या ये अखिलेश यादव की आलोचना के बाद ये मुलाकात की गई है. इस पर चौधरी ने कहा कि ऐसी घटना के बाद हर किसी को पीड़ित परिवार से मुलाकात करनी चाहिए.
‘…सीएम आवास के बाहर कर लुंगी आत्मदाह’, अंकित बालियान की पत्नी ने दी धमकी, परिवार से मिलीं सपा सांसद
अखिलेश ने किया था चौधरी पर हमला!
बीते दिनों पहले अखिलेश ने जयंत चौधरी का नाम लिए बिना उनकी आलोचना की थी और सवाल उठाया था कि उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की थी. साथ ही अखिलेश ने अपनी एक टिप्पणी में इसे जाट समुदाय पर हमला बताया था. इसके बाद इस हत्याकांड ने राजनीतिक रंग ले लिया. बता दें कि शामली से इकरा हसन सांसद हैं और उन्होंने हाल ही में बालियान के परिवार से मुलाकात की थी.
पुलिस परिस्थितियों की व्याख्या करेगी
हालांकि, मुठभेड़ शब्द के इस्तेमाल पर चौधरी ने इनकार दिया और कहा कि पुलिस परिस्थितियों की व्याख्या कर सकती है. उन्होंने कहा कि परिस्थितियां जो भी हों, पुलिस उसका जवाब दे सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि जवाबी कार्रवाई कैसे हुई इसका जवाब पुलिस को देना है. बस मैं यही कहूंगा कि यह कार्रवाई पूर्वनियोजित या राजनीतिक नीति का हिस्सा नहीं है. जयंत चौधरी ने सभी पक्षों से संवेदनाशीलता से बात करने का भी आग्रह किया.
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का एक्शन, एनकाउंटर में मारे गए आरोपी सुमित और मोहित
News Source: PTI
