LT Xchange Conclave Chhattisgarh: लाइव टाइम्स के सबसे बड़े मंच LT Xchange का कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित बेबीलोन इंटरनेशनल होटल में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की. इसी कड़ी में रायपुर से लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए. इस दौरान बीजेपी सांसद ने लाइव टाइम्स के मंच से विभिन्न सवालों के बेबाकी से जवाब दिए. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया रायपुर में निवेश करना चाहती है. रायपुर देश के सबसे तेजी से बढ़ते शहरों में शामिल हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि देश में अगर कोई राज्य तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, तो वह छत्तीसगढ़ है. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस दौरान LT की पूरी टीम का दिल से स्वागत और अभिनंदन भी किया.
रायपुर अपनी संभावनाओं को तलाश रहा : अग्रवाल
लाइव टाइम्स के पत्रकार दीपक चौरसिया ने बृजमोहन अग्रवाल से सवाल किया कि वर्तमान समय में रायपुर के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं? इस पर जवाब देते हुए बीजेपी सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ को बने हुए अभी सिर्फ 25 साल हुए हैं और यह राज्य अपनी युवावस्था में है. यही वजह है कि राज्य लगातार नई संभावनाओं की तलाश कर रहा है और यहां निवेश के लिए लोग आकर्षित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि रायपुर कभी एक छोटा-सा कस्बा हुआ करता था. उस दौर में किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि आने वाले समय में आम लोगों के साथ-साथ बड़े निवेशक भी रायपुर की ओर तेजी से आकर्षित होंगे.
रायपुर की मौजूदा चुनौतियों का जिक्र करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दूसरे बड़े महानगरों की तरह शहर में भी यातायात की समस्या सामने आई है. उन्होंने कहा कि रायपुर में अंडरब्रिज और ओवरब्रिज का निर्माण, ट्रैफिक को सुचारु रूप से सर्कुलेट करने की योजनाएं और बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर काम करना फिलहाल सबसे बड़ी जरूरत है.
इन्वेस्टर चाहता है कि एक घर रायपुर में भी हो
इसके अलावा बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश करने वाले हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका एक घर रायपुर में भी हो. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति रायपुर में घर तलाशता है तो उसकी तीन प्रमुख जरूरतें होती हैं. पहली उसे बेहतर शिक्षा की सुविधा मिले, दूसरी अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों और तीसरी मनोरंजन के बेहतर विकल्प मौजूद हों. उन्होंने यह भी कहा कि अब रायपुर को इन तीनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ना होगा. अगर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन के क्षेत्र में तेजी से काम करती है, तो बाहर से आने वाले लोगों को रायपुर में रोकने में सफलता मिलेगी.
बृजमोहन अग्रवाल ने आगे कहा कि अगर रायपुर में निवेश दोगुनी रफ्तार से बढ़ता है, तो इसके साथ रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे. इससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी और रायपुर निवेश के साथ-साथ रोजगार के एक बड़े केंद्र के रूप में भी तेजी से उभरेगा.
कल्पना के मुताबिक जनसंख्या नहीं बढ़ पाई
क्या भूपेश बघेल सरकार ने नया रायपुर की उपेक्षा की? इस सवाल के जवाब में रायपुर से बीजेपी सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह निश्चित तौर पर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में विकसित होने वाले शुरुआती शहरों में नया रायपुर भी शामिल था. हमारी कल्पना थी कि 10 साल के भीतर नया रायपुर की आबादी करीब 2 लाख तक पहुंच जाएगी, लेकिन इसमें उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई. हालांकि, उन्होंने कहा कि नया रायपुर में कमर्शियल एक्टिविटी तेजी से बढ़ी है, लेकिन रेसिडेंशियल एक्टिविटी उस गति से आगे नहीं बढ़ पाई.
LT Xchange में बोले CM साय- डबल इंजन सरकार ने खत्म किया नक्सलवाद, विकास पर फोकस
इसके अलावा विपक्ष पर निशाना साधते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पहले अजीत जोगी और उसके बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राजधानी रायपुर के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के बजाय शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर विकास पर ज्यादा जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति सोचता है कि नया रायपुर जाने में ही काफी दूरी तय करनी पड़ेगी और करीब 200 रुपये का पेट्रोल खर्च होगा, तो वह वहां जाने से पहले कई बार सोचेगा. उन्होंने कहा कि निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए यह खर्च और भी बड़ी चुनौती है. ऐसे में नया रायपुर में रेसिडेंशियल एक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
इतिहास की सबसे दुखद है घटना झीरम घाटी हमला
झीरम घाटी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को कोर्ट की तरफ दोषी ठहराए जाने पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के इतिहास की एक बहुत बड़ी दुखद घटना है. भले ही उसमें कांग्रेस के कई नेताओं की मौत हुई हो. लेकिन उसमें संभावनाओं वाले लीडर भी थे और उसमें ऐसे नेता भी थे जिनको छत्तीसगढ़ के लोग काफी सम्मान देते थे. यही वजह है कि जो लोग भी उस घटना के दोषी हैं उन्हें छत्तीसगढ़ और देश के आम लोग कभी माफ नहीं करेंगे. हालांकि, यह भी दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस के लोग आरोप लगाते रहे हैं कि एक षड्यंत्र हुआ है. साथ ही हम लोगों को भी शक था कि उनकी अंदरूनी लड़ाई है. लेकिन यह तथ्य सामने नहीं आया कि उसके लिए असली जिम्मेदार कौन है. दूसरी ओर कांग्रेस के लोग कहते रहे कि जो लोग दोषी हैं उनके प्रमाण हमारी जेब में हैं और अगर कोई उसकी जांच करेगा तो हम उसके सामने तत्काल प्रमाण जरूर देंगे. परंतु वह पांच साल सत्ता में भी रहने के बाद भी प्रमाण उपलब्ध नहीं करवा पाए.
‘सभी एजेंसियों से जांच कराने के बाद नहीं मिला भ्रष्टाचार’, AAP नेता संजीव झा ने साधा BJP पर निशाना
