CM YOGI: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि कैम्पियरगंज में बनने जा रहे प्रदेश के पहले वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय की डिग्री नौजवानों के लिए नौकरी की गारंटी होगी.
CM YOGI: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि युवाओं को रोजगार और नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. कैम्पियरगंज में बनने जा रहे प्रदेश के पहले वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय की डिग्री नौजवानों के लिए नौकरी की गारंटी होगी. यह विश्वविद्यालय किसानों की आय दोगुनी करने में अहम भूमिका निभाएगा. सीएम योगी शनिवार को जंगल कौड़िया ब्लॉक में पुनर्निर्मित बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे. इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो तो परिणाम अपने आप सामने आ जाते हैं. कहा कि अच्छी नीयत का ही परिणाम था कि गोरखपुर में एम्स खुल गए. जिले में खाद कारखाना भी शुरू हो चुका है. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लोगों को अच्छा इलाज मिल रहा है. पिपराइच में चीनी मिल दोबारा चालू हो गई है. धुरियापार में कम्प्रेस्ड बायो गैस का प्लांट लग चुका है. योगी ने कहा कि गोरखपुर और प्रदेश में विकास के बहुत बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं. इस मौके पर योगी ने कैम्पियरगंज में बने गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का भी उल्लेख किया.

कैम्पियरगंज से योगी का संदेश
कहा कि आभार जताना हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है. यदि किसी ने हमारे लिए कुछ किया तो उसके प्रति कृतज्ञ होना हमारी सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है. गिद्धराज जटायु की मानव जाति पर बड़ी कृपा रही. कहा कि माता सीता का हरण कर ले जा रहे रावण का पहला प्रतिकार गिद्धराज जटायु ने किया था. वह सृष्टि के पालनकर्ता भगवान विष्णु की सवारी भी हैं. आज केमिकल और पेस्टिसाइड्स के इस्तेमाल के चलते गिद्धराज की संख्या कम होती जा रही, वे मर रहे हैं. ऐसे में गिद्धराज के प्रति कृतज्ञता जताने और उनको संरक्षण देने के लिए कैम्पियरगंज में संरक्षण केंद्र बनाया गया. उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर के कैम्पियरगंज में प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय बनाया जाएगा. जिससे यहां से डिग्री लेकर युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. कहा कि आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण प्रदूषण की है.
फोरलेन से आवागमन हुआ सुगम
इसी क्रम में कैम्पियरगंज में बनने जा रहा वानिकी विश्वविद्यालय पर्यावरण की चुनौतियों से निपटने में और कारगर सिद्ध होगा. इससे वनाच्छादन और किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी. योगी ने जंगल कौड़िया के हर गांव से जुड़ाव का भी जिक्र किया. कहा कि जंगल कौड़िया ब्लॉक व कैम्पियरगंज क्षेत्र में आज विकास की जो स्थिति है, वह लोगों की कल्पनाओं से भी परे है. सीएम ने कहा कि लखनऊ और जंगल कौड़िया के बीच की दूरी काफी घट गई है. क्यों कि कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास बन जाने से लोग सिर्फ तीन-साढ़े तीन घंटे में ही सीधे लखनऊ पहुंच जाते हैं. इसके अलावा चिउटहा से कुशीनगर जाने में सिर्फ आधा घंटा लगता है. क्षेत्र की हर प्रमुख सड़क फोरलेन कर दी गई है. जिससे आवागमन काफी सुगम हो गया है. क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जंगल कौड़िया में पूज्य ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की स्मृति में डिग्री कॉलेज बन गया है. कालेज में 2 हजार से अधिक छात्रों को शिक्षा मिल रही है. स्टेडियम बन गया है.
बिना भेदभाव पात्रों को मिलीं सुविधाएं
कहा कि खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. कुश्ती के प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा से क्षेत्र के पहलवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है. विकास के साथ ही गरीबों के कल्याण के भी कार्य हुए हैं. हमारी सरकार ने बिना भेदभाव पात्रों को आवास, शौचालय, राशन, आयुष्मान भारत, पेंशन की सुविधा दी है. यह सब विकास के प्रति भाव रखने का ही परिणाम है. इस मौके पर सीएम योगी ने जंगल कौड़िया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय रामपति यादव को भी श्रद्धापूर्वक याद किया. कहा कि 1952 से आजीवन गोरक्षपीठ से जुड़े रहे. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वर्तमान ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव के कार्यों की भी सराहना की. कहा कि ब्लॉक प्रमुख ने सवा करोड़ रुपये की ब्लॉक निधि और विकसित भारत जीरामजी योजना का बेहतर उपयोग किया है. इस मौके पर कैम्पियरगंज के विधायक फतेह बहादुर सिंह, उत्तर प्रदेश मत्स्य निगम के चेयरमैन रमाकांत निषाद, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह, पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य विजय शंकर यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोरख सिंह, भाजपा के जिला मंत्री सदानंद शर्मा आदि मौजूद रहे.
ये भी पढ़ेंः आतिशी विवाद : दिल्ली विधानसभा ने दिया पंजाब के अधिकारियों को आखिरी मौका, जल्द मांगा जवाब
News Source: Press Trust of India (PTI)
