Bihar Murder Case: बिहार के मुजफ्फरपुर में मामूली विवाद में युवक की पीट- पीट कर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.
• अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
Bihar Murder Case: बिहार के मुजफ्फरपुर में मामूली विवाद में युवक की पीट- पीट कर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है. घटना शंकरबाग लेन में हुई. पुलिस हत्या की जांच में जुट गई है. मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित शंकरबाग लेन में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जाता है कि मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है. मृतक की पहचान नितेश कुमार उर्फ रूपा के रूप में हुई है. वह पंकज मार्केट में पालदार का काम करता था.
मामूली विवाद में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. CCTV में साफ नजर आ रहा है कि लात-घूंसे से पिटाई करने के बाद भी जब हमलावर का मन नहीं भरा तो वह उसके शरीर पर कूदता रहा और अधमरा कर बीच सड़क पर छोड़ दिया. पिटाई के दौरान किसी ने उसे बचाने की हिम्मत नहीं की. आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल नितेश को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया. बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल है. मोहल्लेवासी आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मृतक के पिता प्रह्लाद महतो ने आरोप लगाया कि विक्की नामक युवक ने उनके पुत्र की बेरहमी से पिटाई की. उन्होंने बताया कि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी नहीं है. आरोपी भी पंकज मार्केट में ही काम करता है और घटना के बाद से फरार है. वहीं मामले में एसडीपीओ सुरेश कुमार ने बताया कि युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला संज्ञान में आया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है.
