Jammu and Kashmir Bus Accident: सोमवार की सुबह कई लोगों के लिए मातम भरी रही. दरअसल, रामनगर-उधमपुर रोड पर बस ने अपना बैलेंस खोया, जिससे कई लोग मौत के घाट उतर गए.
20 April, 2026
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले से आज सुबह एक बहुत ही दुखद खबर आई है. सोमवार की सुबह जब लोग अपने कामों पर निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बस कई लोगों की मौत की वजह बन गई. दरअसल, रामनगर से उधमपुर जा रही एक पैसेंजर बस अपना बैलेंस खोकर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ चुकी है. इस हादसे से पूरे इलाके के लोग शोक में हैं.
बिगड़ा बैलेंस
ये हादसा सुबह करीब 10 बजे के आसपास रामनगर-उधमपुर हाईवे पर काघोट गांव के पास हुआ. चश्मदीदों और लोकल लोगों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी. एक अंधे मोड़ यानी Blind Curve पर ड्राइवर बस पर बैलेंस नहीं रख सका और देखते ही देखते बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी. बस गिरने के बाद कई बार पलटी, जिससे उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
यह भी पढ़ेंःदेश को दहलाने की साजिश नाकाम: 3 राज्यों से दबोचे 4 आतंकी, रिमोट कंट्रोल कार से थी हमले की तैयारी
Just now spoke to DC Udhampur, Sh Minga Sherpa after learning about a tragic road accident, less than an hour ago, at village Kanote, involving a public transport bus on way from Ramnagar to Udhampur .
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) April 20, 2026
The rescue operation has been immediately undertaken. Heavy casualties…
रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की खबर मिलते ही लोकल लोग सबसे पहले मदद के लिए दौड़े. इसके तुरंत बाद पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं. ढलान और गहरी खाई होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं. घायलों को मलबे से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है. उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके. प्रशासन का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है क्योंकि कई यात्रियों की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है.
केंद्रीय मंत्री ने जताया दुख
उधमपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि प्रशासन घायलों की हर संभव मदद कर रहा है और जो लोग ज्यादा गंभीर हैं, उन्हें एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी जानकारी शेयर करते हुए कहा कि वो स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों के लगातार संपर्क में हैं.
दूसरे दिन बड़ा हादसा
हैरानी और दुख की बात ये है कि जम्मू-कश्मीर में ये लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा है. कल ही राजौरी जिले के दरहल-राजौरी रोड पर एक टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 18 लोग घायल हो गए थे. पहाड़ों पर तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ अक्सर ऐसी बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं. फिलहाल प्रशासन इस समय घायलों की जान बचाने और उनके परिजनों तक खबर पहुंचाने की कोशिशों में जुटा है.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में भीषण हादसा: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 18 मजदूरों की मौत, 6 गंभीर, CM ने जताया दुख
