Chhattisgarh Boiler Explosion: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को भीषण हादसे में 9 की मौत हो गई, जबकि 15 गंभीर घायल हो गए.
Chhattisgarh Boiler Explosion: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को भीषण हादसे में 9 की मौत हो गई, जबकि 15 गंभीर घायल हो गए. हादसे के बाद बिजली संयंत्र ( Power Plant) के पास चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन के आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए. अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया. बिजली प्लांट के पास सैकड़ों की भीड़ इकट्टा हो गई. सुरक्षा की दृष्टि से बिजली प्लांट के आसपास सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने कहा कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक बिजली प्लांट में ब्वॉयलर फटने से नौ श्रमिकों की मौत हो गई और 15 गंभीर घायल हो गए.
प्रशासन ने शुरू किया बचाव अभियान
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट दोपहर में सिंघीतराई गांव में वेदांता लिमिटेड बिजली संयंत्र में एक ब्वॉयलर ट्यूब में हुआ. उन्होंने कहा कि नौ श्रमिकों की मौत हो गई है और 15 घायल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पतालों में दम तोड़ दिया. उन्होंने कहा कि पड़ोसी रायगढ़ जिले के अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है. अधिकारी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया.
सरकार मृतकों के परिवारों के साथ
उन्होंने कहा कि चूंकि ब्वॉयलर के आसपास का क्षेत्र बेहद गर्म है, इसलिए श्रमिकों और कर्मचारियों को आसपास से हटा दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह जांचने के लिए बचाव अभियान अभी भी चल रहा है कि कहीं और लोग फंसे तो नहीं हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने रायपुर में संवाददाताओं से कहा कि जांच की जाएगी और जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार का निर्देश अधिकारियों को दिया है.
प्रबंधन ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
संयंत्र प्रबंधन ने एक बयान में कहा कि हमारे सिंघीतराई संयंत्र में ब्वॉयलर इकाइयों में से एक में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें हमारे उप-ठेकेदार, एनजीएसएल (एनटीपीसी जीई पावर सर्विसेज लिमिटेड) के कर्मचारी शामिल थे. जो इकाई का संचालन और रखरखाव करता है. प्रबंधन ने कहा कि इसकी तत्काल प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार सुनिश्चित करना है. प्रबंधन चिकित्सा टीमों और स्थानीय अधिकारियों के साथ निकटता से समन्वय कर रहा है. हम घटना का पता लगा रहे हैं. प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में एक गहन जांच शुरू की गई है.
ये भी पढ़ेंः कांकेर एनकाउंटर: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने 5 लाख की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया
News Source: PTI
