Donald Trump: ट्रंप ने वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में गोलियां चलने के बाद हुए अफरा-तफरी वाले पलों के बारे में बताया. उन्होंंने गोलियां चलाने वाले संदिग्ध को मानसिक रूप से बीमार कहा.
27 April, 2026
शनिवार को वॉशिंगटन में आयोजित डिनर प्रोग्राम में गोलिया चलीं. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का इंटरव्यू सामने आया है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह देखना चाहते थे कि शनिवार रात जब सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने उन्हें डिनर से बाहर निकाला, तो होटल में गोली चलाने के बाद क्या हो रहा था. एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने वाशिंगटन हिल्टन होटल में गोलियां चलने के बाद हुए अफरा-तफरी वाले पलों के बारे में बताया. उन्होंंने गोलियां चलाने वाले संदिग्ध को मानसिक रूप से बीमार कहा.
‘मुझे डर नहीं लगता’
जब ट्रंप से पूछा गया कि गोलियों की आवाज सुनने के बाद उन्हें चोट लगने की कितनी चिंता थी, तो उन्होंने कहा, “मुझे डर नहीं लगता. मैं जिंदगी समझता हूं. हम एक अजीब दुनिया में रहते हैं.” राष्ट्रपति ने कहा कि खुद देखने की उनकी उत्सुकता ने शायद सीक्रेट सर्विस की उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाने की कोशिशों को धीमा कर दिया. उन्होंने कहा, “मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है. मैं उनके लिए इसे इतना आसान नहीं बना रहा था. मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है और उस समय तक हमें एहसास होने लगा था कि शायद यह एक बुरी प्रॉब्लम है, अलग तरह की प्रॉब्लम.”
ट्रंप ने पढ़ा संदिग्ध का मेनिफेस्टो
ट्रंप ने बताया कि सीक्रेट सर्विस एजेंट्स को स्टेज से उतरते समय उन्हें बार-बार जमीन पर लेटने के लिए कहना पड़ा. ट्रंप ने कहा “मैं चलने लगा और उन्होंने कहा, ‘प्लीज नीचे जाओ, प्लीज जमीन पर लेट जाओ.’ तो मैं नीचे झुक गया और फर्स्ट लेडी भी नीचे झुक गईं.” इंटरव्यू में कुछ गरमागरम पल भी आए जब ट्रंप से संदिग्ध द्वारा अपने परिवार के सदस्यों के साथ शेयर किए गए मैनिफेस्टो में उन पर लगे कुछ आरोपों के बारे में पूछा गया. ट्रंप ने कहा मेनिफेस्टो में संदिग्ध ने लिखा था “मैं इंतजार कर रहा था कि तुम इसे पढ़ो, क्योंकि मुझे पता था कि तुम पढ़ोगे, क्योंकि तुम बहुत बुरे लोग हो. “ मेनिफेस्टो में संदिग्ध ने ट्रंप के ऊपर लगे अपराधिक मामलों का जिक्र किया था, जिसके बारे में सवाल करने पर वे भड़क गए. ट्रंप ने कहा वह एक बीमार इंसान है और उसकी बातों पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
रीशेड्यूल होगा डिनर
राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन से अगले 30 दिनों में इवेंट को रीशेड्यूल करने की अपील की. ट्रंप ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि यह कैंसिल हो. मुझे लगता है कि किसी पागल इंसान के लिए इस तरह की चीज को कैंसिल करना बहुत बुरा है,” और आगे कहा “ऐसा नहीं है कि मैं जाना चाहता हूं. मैं बहुत बिजी हूं. मुझे इसकी जरूरत नहीं है.”
यह भी पढ़ें- ट्रंप ने अपने दूतों को रोका! फिर भी पाक कर रहा लगातार कोशिश; पेजेशकियान ने कही ये बात
News Source: PTI
