West Bengal : पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार थम गया है. उससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की जनता के लिए एक भावुक भरा पत्र लिखा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत पवित्र होता है.
West Bengal : पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है. इसी बीच सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार में अपनी जान झोंक दी है और आरोप-प्रत्यारोप भी जोरदार हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी भी चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरें हैं. उन्होंने कई रैलियां और रोड शो भी किए. ऐसे में अब चुनाव प्रचार थम गया है और उससे पहले पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम पत्र लिखा. उन्होंने कहा कि मैं इस पत्र के माध्यम से बंगाल के हर एक परिवार को अपनी भावनाएं व्यक्त करता हूं. उन्होंने कहा कि बंगाल का हर एक व्यक्ति एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस बार परिवर्तन लेकर आना है.
एक्स पर शेयर किया अपना पत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपना पत्र एक्स पर शेयर किया. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल के पूरे चुनाव अभियान के दौरान मुझे अपने परिवारजनों का जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने एक नई ऊर्जा से भर दिया है. यहां की युवाशक्ति हो या नारीशक्ति, हमारे किसान भाई-बहन हों, श्रमिक या फिर कारोबारी, सभी ‘विकसित बंगाल’ के लिए संकल्पित हैं. मैंने इस पत्र में उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं.
पत्र में की अपनी भावनाएं व्यक्त
पीएम मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि लोकतंत्र का हर महोत्सव बहुत पवित्र होता है. मुझे भी बंगाल के इस उत्सव में हिस्सा लेने का अवसर मिला है. बीते दिनों मुझे आप सभी के सामने बंगाल के विकास को लेकर बीजेपी का रोडमैप रखने का अवसर मिला. उन्होंने आगे लिखा कि इस चुनाव की मेरी आखिरी रैली भी हो चुकी है. मैं अब इस पत्र के माध्यम से बंगाल के अपने हर परिवारजन को अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं.
जरा सी भी थकान महसूस नहीं हुई : PM
PM मोदी ने अपने पत्र में आगे लिखा कि इस चुनाव के दौरान, मैंने बंगाल में एक अलग ही ऊर्जा अनुभव की है. इतनी गर्मी और रैलियों के बाद भी मुझे बंगाल के इस चुनाव में जरा भी थकान नहीं महसूस हुई. ये रैलियां, ये रोड शो मेरे लिए तीर्थ यात्रा की तरह रहे. मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था, तो संभवतः मां काली भी मुझे निरंतर नई ऊर्जा से भरती जा रही थीं. जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था, व्रत किया था. इस चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई, जैसी किसी देवी मंदिर में दर्शन के समय होती है.
रोड शो के दौरान आपके संदेश और चित्र मिले
बंगाल की सभी रैलियों, रोड शो में मुझे इतने अपनत्व भरे संदेश और चित्र मिले हैं कि मैं उन्हें कभी भुला नहीं सकता. रैलियों और रोड शो के बाद जब भी पहला मौका मिलता है, मैं रात में बहुत तसल्ली से उन चित्रों को देखता हूं. आपके प्यार भरे संदेशों को, आपके पत्रों को पढ़ता हूं और अपना जवाब भी लिखवाता हूं. युवा हों, बहनें-बेटियां हों, बुजुर्ग हों, हर आयु वर्ग के साथियों में स्नेह का जो भाव मैं देखता हूं, वो मेरे जीवन की असली पूंजी है.
यह भी पढ़ें- क्या स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से अपनी पकड़ ढीली करेगा ईरान? US के सामने तेहरान ने रखी ये भारी डील
News Source: PTI
