Middle East Tension : ईरान और अमेरिका अभी किसी खास नतीजे पर नहीं पहुंच पाए हैं. इसी बीच ईरान ने UAE पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. हालांकि अबू धाबी का कहना है कि सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया.
Middle East Tension : मिडिल ईस्ट में युद्धविराम के बीच भारी तनाव चल रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से अभी भी कोई मालवाहक जहाज आवाजाही नहीं कर पा रहा है. इसके कारण गैस और क्रूड ऑयल की सप्लाई बाधित हो रही है. इसी बीच UAE ने आरोप लगाया कि ईरान ने ड्रोन और मिसाइल से हमला किया है. हालांकि, अबू धाबी का यह भी कहना है कि सभी हमलों को नाकाम कर दिया और इसका कड़ा जवाब भी दिया गया है. यह घटना US के उस बयान के कुछ ही घंटों बाद हुई है जिसमें ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तीन नौसेना जहाजों पर होने वाले हमलों को नाकाम कर दिया है और ईरानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई भी हुई है. फिलहाल, UAE में किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है.
ईरान कर रहा है अमेरिकी प्रस्ताव पर विचार
होर्मुज में ईरान और अमेरिका एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं. एक तरफ जहां लड़ाई खत्म करने के लिए किसी समझौते पर पहुंचने के लिए वार्ता चल रही है तो दूसरी तरफ वह हमला भी कर रहे हैं. हालांकि, दोनों देशों ने पूरी तरह युद्ध में उतरने से खुद को बचाए रखा है. यह साफ नहीं है कि दोनों पक्ष किन मुद्दों पर समझौते के कितने करीब है और क्या ईरान के परमाणु प्रोजेक्ट पर बात हो सकती है. इसके अलावा तेहरान ने गुरुवार को कहा कि वह युद्ध खत्म करने के लिए US के उन ताजा प्रस्ताव पर समीक्षा कर रहा है, जो पाकिस्तान के माध्यम से भेजे गए हैं.
ईरान को होगी काफी तकलीफ
वहीं, ईरान और अमेरिका के बीच गुरुवार को हुई गोलीबारी को ट्रंप ने ज्यादा खास प्राथमिकता नहीं दी. उन्होंने ईरान के खिलाफ की गई जवाबी कार्रवाई को बस एक प्यार भरा थपका बताया. ट्रंप ने यह भी बताया कि अभी मिडिल ईस्ट में युद्धविराम जारी है और किसी भी दिन हम दोनों समझौते पर पहुंच सकते हैं. साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अगर ईरान की किसी नतीजे पर नहीं पहुंचता है तो उस पर बमबारी शुरू कर दी जाएगी. वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि अगर वह इस प्रस्ताव पर साइन करते हैं तो उन्हें काफी तकलीफ पहुंचने वाली है.
तेहरान ने भी की जवाबी कार्रवाई
इसके अलावा ईरान ने भी गोलीबारी को लेकर बयान जारी किया है. उन्होंने बताया कि देश की सेनाओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित केश्म द्वीप पर दुश्मन के साथ गोलीबारी की. पश्चिमी तेहरान में एक धमाके की भी आवाज सुनाई दी गई और इसके बाद लगातार जवाब में भी कार्रवाई की गई. बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल से अब तक संघर्ष विराम जारी रहा है. पिछले महीने पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत हुई थी. हालांकि, उस दौरान युद्ध को समाप्त करने के लिए कोई समझौता नहीं हो पाया.
यह भी पढ़ें- युद्धविराम के साथ हमले भी जारी! अमेरिका ने 3 जहाजों पर ईरानी हमले को नाकाम किया
