MP News : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV अंतर्गत प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इसके माध्यम से राज्य के नए विकास के द्वार खुलेंगे.
MP News : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीहोर जिले के भैरूंदा में 10 मई, 2026 को PM ग्राम सड़क योजना-IV और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ किया. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत राज्य में करीब 1763 करोड़ की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इन सड़कों के निर्माण से सूबे की 987 कॉलोनी और बस्तियों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. दूसरी तरफ सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इन सड़कों से जिले की 84 बस्तियां सीधे जुड़ जाएंगी और उन्हें सीधे लाभ पहुंचेगा. ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प वर्षा से की. इस मौके पर सीएम यादव ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास तेजी चल रहा है और देश में अद्भुत परिर्वतन दिखाई दे रहा है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड भी दिए गए. इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया.
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में अद्भुत समय चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है. इस मौके पर कांग्रेसियों को भी याद करना चाहिए, जिनकी वजह से गांव से लेकर गरीब-मजदूर, हर तरफ परेशानी थी. उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के हाथों 5 हजार करोड़ की सौगातें मिली हैं. आज प्रधानमंत्री सड़क, प्रधानमंत्री आवास, देश के राज्यों के लिए अलग-अलग पुरस्कार प्रदान किए गए. इन पुरस्कारों में मध्यप्रदेश को पहले के दो पुरस्कार और बाद के तीन पुरस्कार मिले हैं. मैं आज केवल इतना ही कहना चाहूंगा कि हम और आप सदैव साथ रहेंगे. मैं वो सभी मांगें मानने की घोषणा करता हूं, जो भी केंद्रीय शिवराज सिंह चौहान अपनी लोकसभा के लिए चाहते हैं.
सीएम यादव के नेतृत्व में चल रहा विकास का महायज्ञ
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम आवास योजना के तहत 2055 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र प्रदेश के मुखिया को सौंपा. इस दौरान केंद्रीय मंत्री कहा कि मैं सीएम यादव को धन्यवाद देता हूं. कृषि मंत्री ने यह भी कहा कि सीएम यादव के नेतृत्व में विकास का महायज्ञ चल रहा है. प्रदेश में आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर करने के लिए अनेकों काम हो रहे हैं. हम भी उसमें आहुति डालने आए हैं. आज मुझे प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश को भारत सरकार की तरफ से अनेको सौगातें मिली हैं और मैं इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं. सड़कों के निर्माण के मामले में मध्य प्रदेश नंबर 1 पर आया है। इसके लिए बहुत-बहुत बधाई. उन्होंने कहा कि हम अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल से बधाई देना चाहते हैं. गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक केवल कमल ही कमल खिल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को मुख्यमंत्री मोहन यादव मध्यप्रदेश की धरती पर पूरा कर रहे हैं.
योजना को लागू ही नहीं करता, लक्ष्य भी हासिल करता है एमपी
केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि प्रदेश योजनाओं को लागू करने के अलावा लगातार लक्ष्य भी हासिल कर रहा है. पीएम ग्रामीण सड़क योजना-4 में प्रदेश में 2500 किलोमीटर की नई सड़कें बनाएंगे और इसकी कनेक्टिविटी छोटी बस्तियों तक लेकर जाएंगे. मोदी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प कर रही है. जल जीवन मिशन से हर घर को पानी दिया जा रहा है. विकसित भारत 2047 की यात्रा में गांव और किसान का विकास भी जरूरी है. पीएम मोदी ने अटल जी के 25 साल पूर्व के संकल्पों को आगे बढ़ाया है. केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से गांव और शहर की दूरी कम हुई है. आज किसान अपना अनाज शहर की मंडियों में बेच रहा है। गर्भवती महिलाएं समय पर अस्पताल और बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय बेहतर कार्य कर रहा है.
पॉइंट्स में जानें प्रोग्राम के हाईलाइट
- देश के विभिन्न राज्यों के लिए 18 हजार 907 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन किया.
- प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों के निर्माण में मध्यप्रदेश को प्रथम पुरस्कार मिला. प्रदेश में 90 हजार 766 किलोमीटर लंबी सड़कें तैयार की गईं.
- दूसरे स्थान पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा.
- कैटेगरी-2 के अंतर्गत बसाहटों को जोड़ने के लिए बिहार को पहला, मध्यप्रदेश को दूसरा और ओडिशा को तीसरा स्थान मिला.
- कैटेगरी-3 में गुजरात प्रथम, तमिलनाडु द्वितीय रहा. सड़कों के रखरखाव के मामले में उत्तर प्रदेश प्रथम रहा. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों के रखरखाव के लिए मध्यप्रदेश पहले स्थान और छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा.
- बसाहटों को जोड़ने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए असम, हिमाचल और ओडिशा के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया
- कार्यक्रम में अन्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया.
यह भी पढ़ें- मोदी ने कहा- बेंगलुरु से उगेगा ‘भगवा सूरज’, कुर्सी की खींचतान में फंसा कर्नाटक का विकास
