Air India News: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने दुनिया के कई देशों को प्रभावित किया है. ईरान और अमेरिका के इस तनातनी के बीच विश्व के लिए एनर्जी सप्लाई के नजरिए से काफी अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बाधित हो चुका है. इससे तेल, गैस और खाद की सप्लाई एक तरह से ठप हो चुकी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बाधित होने से भारत समेत दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की कीमतें बढ़ गईं हैं. जानकार बताते हैं कि अगर ऐसे ही यह समुद्री मार्ग आगे भी बाधित रहता है तो दुनिया में तेल और गैस की किल्लत हो सकती है. इनके दाम काफी बढ़ सकते हैं.
इस परेशानी के लपेटे में देश दुनिया की एयलाइन भी हैं. पश्चिम एशिया संकट की वजह से भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से पहले हवाई जहाजों के फ्यूल यानी कि तेल के दम बढ़ा दिए गए थे. वहीं, ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच देश की दिग्गज एयराइलन कंपनियों में से एक एअर इंडिया ने एक बड़ा फैसला लिया है. इसने घरेलू फ्लाइटों को पहले की तुलना में कम करने की बात कही है.
घरेलू उड़ानों में 22% की कटौती
एअर इंडिया ने देश में घरेलू उड़ानों की संख्या में 22 फीसदी कटौती करने का फैसला किया है. एयरलाइन ने यह निर्णय पश्चिम एशिया में जारी संकट और ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच लिया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण ऑपरेशन लागत में बढ़ोतरी देखी जा रही है. इसको लेकर एअर इंडिया अपनी घरेलू उड़ानों में 22 प्रतिशत तक की कमी करेगी.
सूत्रों के अनुसार, घाटे में चल रही और वित्तीय संकट का सामना कर रही इस एयरलाइन ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में लगभग 27 प्रतिशत की कमी की है. एअर इंडिया प्रति सप्ताह लगभग 4,400 उड़ानें संचालित करती है. इनमें से लगभग 3,600 घरेलू और 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हैं. एअर इंडिया ने बुधवार को एक बयान में कहा, “जून और अगस्त 2026 के बीच चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में पहले से घोषित समायोजन के क्रम में, हमने इसी अवधि के दौरान कुछ घरेलू मार्गों पर अस्थायी रूप से परिचालन को युक्तिसंगत बनाया है, जिसके तहत चुनिंदा मार्गों पर उड़ानों की संख्या में कमी की गई है.” सूत्रों के अनुसार, घरेलू उड़ानों में 20-22 प्रतिशत की कमी आएगी.
स्थिति स्थिर होने पर उड़ानों की संख्या बहाल
जानकारी के मुताबिक, एयरलाइन ने कहा कि ये ईंधन की उच्च कीमतों के समग्र परिचालन पर लगातार पड़ रहे प्रभाव के कारण किए जा रहे हैं. कंपनी ने बयान में कहा, “एअर इंडिया मांग और परिचालन स्थितियों पर बारीकी से नजर रखना जारी रखेगी, ताकि स्थिति स्थिर होने पर उड़ानों की संख्या बहाल की जा सके.” एयरलाइन ने यह भी कहा कि इन बदलावों से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों में पुनः समायोजन, निःशुल्क डेट परिवर्तन या पूरा रिफंड (जैसा लागू हो) के साथ सक्रिय रूप से सहायता प्रदान की जाएगी.
सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट बीच रास्ते से दिल्ली लौटी, 230 यात्री थे सवार
News Source: PTI
