Stock Market: सितंबर के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार ने निवेशकों को न तो खुशी दी और न ही बड़ी चिंता. मंगलवार, 1 सितंबर को भारतीय बाजार की शुरुआत लगभग सपाट रही. ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हल्की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए. सुबह करीब बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स 75.60 अंक यानी 0.10 प्रतिशत गिरकर 76,881.67 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 41.55 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,038.85 पर कारोबार कर रहा था. शुरुआती कारोबार में करीब 1,350 शेयरों में तेजी रही. वहीं, 1,016 शेयरों में गिरावट देखने को मिली और 157 शेयर बिना बदलाव के रहे. यानी बाजार का मूड फिलहाल कुछ ऐसा है कि, न पूरी तरह बुलिश, न पूरी तरह बेयरिश.
इन शेयरों ने संभाली कमान
Nifty पर शुरुआती कारोबार में ITC, भारती एयरटेल, अडानी पोर्ट्स, TMPV और अडानी एंटरप्राइजेज बढ़त वाले शेयरों में रहे. दूसरी तरफ मैक्स हेल्थकेयर, इंटरग्लोब एविएशन, विप्रो, टीसीएस और एक्सिस बैंक दबाव में नजर आए. खास बात ये है कि अडानी पावर के शेयर में भी खरीदारी देखने को मिली. स्टॉक करीब 2.86 प्रतिशत चढ़कर 203.66 रुपये पर पहुंच गया. जहां कुछ शेयर बाजार में रंग जमा रहे थे, वहीं डाबर इंडिया के निवेशकों के लिए दिन की शुरुआत थोड़ी मायूस करने वाली रही. कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान 52 हफ्ते के निचले स्तर 381 रुपये तक पहुंच गया. बाद में शेयर करीब 381.15 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
Gold-Silver में मचा हाहाकार, एक झटके में 2% तक गिरे दाम; आखिर क्यों धड़ाम हुए भाव?
फिसला IT सेक्टर का शेयर
IT सेक्टर से भी एक बड़ी कॉरपोरेट खबर सामने आई. हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज़ के प्रमोटर्स अशोक सूटा और अशोक सूता मेडिकल रिसर्च एलएलपी ने कंपनी की 22.106 प्रतिशत हिस्सेदारी ITC इन्फोटेक को बेचने का समझौता किया है. इस सौदे की कीमत करीब 1,329.7 करोड़ रुपये बताई गई है. साथ ही हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज़ और ITC इन्फोटेक के विलय को भी बोर्ड ने मंजूरी दी है. प्रस्तावित विलय के तहत ITC इन्फोटेक, हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज़ के शेयरधारकों को हर 81 शेयर के बदले 25 इक्विटी शेयर जारी करेगी. इस खबर के बीच हैप्पिएस्ट माइंड्स का शेयर करीब 2.69 प्रतिशत गिरकर 396.20 रुपये पर आ गया.
सोना शांत, तेल में तेजी
अब बात सिर्फ शेयर बाजार की नहीं है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों पर भी निवेशकों की नजर है. ट्रेडर्स इस हफ्ते आने वाले अमेरिकी रोजगार आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं. इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की रणनीति प्रभावित हो सकती है. दूसरी तरफ मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊपर धकेला है. कच्चा तेल करीब 0.6 प्रतिशत बढ़कर 91.05 डॉलर प्रति बैरल और WTI करीब 1 प्रतिशत चढ़कर 86.59 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया. अमेरिकी बाजार भी पिछले सत्र में कमजोर बंद हुए. डाउ जोन्स
में 374 अंक से ज्यादा की गिरावट आई. वहीं, S&P 500 और नैस्डैक भी नीचे रहे.
मुंबई में CNG महंगी
बाजार के साथ आम आदमी की जेब पर भी असर डालने वाली खबर सामने आई है. महानगर गैस ने मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 88 रुपये प्रति किलो कर दी है. घरेलू PNG की कीमत में भी 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है. कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत बाजार के लिए काफी दिलचस्प है. एक तरफ ITC और अडानी जैसे शेयरों में तेजी है. दूसरी तरफ डाबर और हैप्पिएस्ट माइंड्स जैसे शेयर दबाव में हैं. ऊपर से तेल, सोना, डॉलर और CNG, इन सबकी चाल पर निवेशकों और आम लोगों, दोनों की नजर बनी हुई है.
News Source: PTI
मुंबई वालों की जेब पर पड़ी मार! 1 सितंबर से 9 रुपये महंगा हुआ दूध, चाय भी पड़ सकती है भारी
