Manjeet Kaur Murder: पंजाब के चंडीगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर मंजीत कौर, जिनके लाखों फॉलोवर्स थे, उनकी बेरहमी में जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई. बुधवार को इलाज के दौरान मंजीत कौर की एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई. करीब दो महीने पहले उन पर कथित तौर पर हमला किया गया था और उन्हें आग लगा दी गई थी. 2 महीने तक वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ती रहीं. पुलिस ने शनिवार को बताया कि 28 साल की कौर की 26 अगस्त को पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में इलाज के दौरान मौत हो गई.
दोस्तों ने किया किडनैप
उनकी मां की शिकायत के मुताबिक, कौर को उनके दो जानने वालों- शुभी और पिंडा- ने 3 जुलाई को यहां सेक्टर 34 में एक शराब की दुकान के पास बुलाकर कथित तौर पर किडनैप कर लिया. शिकायत में कहा गया है कि उन्हें कथित तौर पर पंजाब के मोरिंडा में एक सुनसान जंगल जैसे इलाके में ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई. दोनों आरोपियों ने उन्हें एक पेड़ से बांधा और आग लगा दी. कौर चीखती चिल्लाती रहीं, लेकिन कोई उन्हें सुन नहीं सका. जब वे दोनों मौके से फरार हो गए, तब वहां से गुजर रहा मंजीत का कोई परीचित मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के लिए कंबल का इस्तेमाल किया.
पुलिस की लापरवाही का आरोप
मंजीत को मोरिंडा के एक अस्पताल ले गया. बाद में उन्हें मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल और फिर चंडीगढ़ के PGIMER ले जाया गया. पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को 5 अगस्त को होश आ गया था और वह बयान देना चाहती थी, लेकिन मोहाली में खरड़ पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा. हालांकि, पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने परिवार के साथ पूरा सहयोग किया. 26 अगस्त को मनजीत ने दम तोड़ दिया. मनजीत की मौत के बाद उसकी मां को सेक्टर 34 पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनका बयान दर्ज किया गया. इसके बाद 27 अगस्त को किडनैपिंग और मर्डर के आरोप में FIR दर्ज की गई.
जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत सेक्शन 103 (1) (मर्डर) और 140 (1) (किडनैपिंग) के तहत केस दर्ज किया गया है. चंडीगढ़ की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (साउथ) गुरजीत कौर ने कहा कि जांच चल रही है और हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस इस घटना के पीछे के लोगों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. साथ ही कथित किडनैपिंग के हालात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है.
सोशल मीडिया पर पहचान
मंजीत कौर के इंस्टाग्राम पर करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे. उन्होंने कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, रील्स और पंजाबी-हरियाणवी गानों को प्रमोट करने वाले वीडियो पोस्ट किए. यूट्यूब पर भी उनके लगभग 3,930 सब्सक्राइबर थे, जहां वे परिवार और रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में व्लॉग शेयर करती थीं. उनकी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए.
News Source: PTI
