Tiger Shroff Shooter: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों को कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस को उनकी कस्टडी भी मिल गई है. स्थानीय अदालत ने पुलिस को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड दिया है. महाराष्ट्र पुलिस की टीम इन आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेकर आगे की जांच के लिए मुंबई ले जाएगी. मुंबई में इन संदिग्धों से विस्तार से पूछताछ की जाएगी. इस बीच एक आरोपी की मां ने चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को बहला-फुसलाकर गलत काम करने के जाल में फंसाया गया.
“कोई घर आकर लेकर गया”
इन तीन आरोपियों में बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ऋतिक (उर्फ रोशन) और हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान शामिल हैं. तीसरा आरोपी फूल सिंह भी सोनीपत का रहने वाला है. रेहान की मां शमशीदा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि कुछ दिन पहले कोई व्यक्ति गाड़ी से उनके घर आया और रेहान को अपने साथ ले गया. उन्होंने बताया कि पिछले 20 दिनों से उनका रेहान से कोई संपर्क नहीं हुआ था. उन्होंने कहा, “उसका मोबाइल फोन ले लिया गया था. जब हमने उसके नंबर पर कॉल किया, तो वह स्विच ऑफ आ रहा था. मुझे शक है कि उसे कोई नशीला पदार्थ देकर अपने साथ ले जाया गया.”
“दबाव डालकर गलत काम करवाया”
शमशीदा ने बताया कि “रेहान गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा था. बिहार के एक युवक ने उसे बताया था कि उसका भाई गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम करता है और वे उसे भी यह काम सिखा देंगे. उसने यह भी कहा था कि उसे अच्छे पैसे मिलेंगे.” मां ने कहा कि वह उस व्यक्ति को नहीं जानतीं जो उनके घर आया था, लेकिन उन्हें लगता है कि रेहान को किसी जाल में फंसाया गया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं का फायदा उठाते हैं और उन्होंने ही रेहान का इस्तेमाल किया है. उन्होंने आगे कहा, “वे इन युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं और दबाव डालकर उनसे गलत काम करवा रहे हैं.” जब उनसे पूछा गया कि वह अपने बेटे से क्या कहना चाहेंगी, तो उन्होंने कहा, “मैं यही कहूंगी कि बेटा, तुमने जो किया है वह सही नहीं है और तुम्हें कभी भी किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए.”
मजदूरी करते हैं पिता
सोमवार को इससे पहले, रेहान के पिता रईसुद्दीन ने पत्रकारों को बताया कि उनका बेटा, जो 9वीं कक्षा से पढ़ाई छोड़ चुका है. वह पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार हो चुका था और अभी जमानत पर बाहर था. दिहाड़ी मजदूरी करने वाले रईसुद्दीन ने कहा, “वह लगभग 10 सालों से मेरे साथ नहीं रह रहा है… वह देवदू गांव में अपनी मां के साथ रहता है. कुछ महीने पहले उस पर बंदूक से जुड़े एक मामले में केस दर्ज हुआ था. उसकी मां एक फैक्टरी में काम करती है.
News Source: ANI
