Disha Patani Security: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, क्योंकि पिछले साल सितंबर में पाटनी के घर पर भी फायरिंग की गई थी. सर्कल ऑफिसर (सिटी-I) आशुतोष शिवम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने, घर के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की जांच करने और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश देने के लिए मंगलवार को उनके घर का दौरा किया. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को भी पाटनी के घर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी. एहतियात के तौर पर वहां चौबीसों घंटे पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और आसपास के इलाके में भी निगरानी बढ़ा दी गई है.
पाटनी के घर पर हो चुकी है फायरिंग
सीओ शिवम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिनेत्री के पिता जगदीश सिंह पाटनी से भी बात की. पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देने का निर्देश दिया.शिवम के अनुसार, 11 और 12 सितंबर 2025 को पाटनी के घर पर फायरिंग की घटनाएं हुई थीं. पहले दिन एक राउंड फायरिंग हुई थी, जबकि अगले दिन 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं. पुलिस ने शुरुआत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शामिल होने की जांच की. जांच के दौरान रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के नाम भी सामने आए. 17 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक संयुक्त ऑपरेशन में गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इलाके में दो शूटर रवींद्र उर्फ कुल्लू और अरुण मारे गए. उन पर पाटनी के घर पर हुई फायरिंग में शामिल होने का आरोप था.
सुरक्षा व्यवस्था की होगी नियमित समीक्षा
पुलिस ने पहले दिन गोली चलाने के आरोप में दो नाबालिगों को भी पकड़ा था. पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिसमें कुल छह संदिग्धों की पहचान हुई. चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई, जबकि गोली चलाने वाले दो आरोपी पुलिस कार्रवाई में मारे गए. नाबालिगों को सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को बरेली जिला जेल में रखा गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पाटनी के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी. मालूम हो कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना हुई, जब मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं. श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को चोटें आईं.
“कोई घर आया और उसे लेकर गया…”, टाइगर पर फायरिंग करने वाले रेहान की मां बोली- बेटे को जाल में फंसाया
