Hanuman Ansh Tax Free: बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज हिट साबित हो रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है. धामी ने शुक्रवार को देहरादून के एक सिनेमाघर में पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा और अन्य नेताओं के साथ फिल्म देखी. फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी कहानी और आध्यात्मिक संदेश की जमकर तारीफ की.
उत्तराखंड से कनेक्शन
‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं. धामी के मुताबिक, फिल्म में बाबा नीम करोली महाराज की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था को दिखाया गया है. उन्होंने कहा कि बाबा का जीवन सिर्फ भक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि मानव सेवा और समाज के कल्याण का संदेश भी देता है. मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि कैंची धाम आज दुनिया भर में आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है. इसी वजह से वो चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस फिल्म को देखें. फिल्म को टैक्स फ्री करने के पीछे उत्तराखंड से इसका यही आध्यात्मिक जुड़ाव एक अहम वजह है.
किताबों से आगे जिंदगी सिखाने वाली बॉलीवुड की 10 फिल्में, हर कहानी में छिपा है अलग गुरु मंत्र
क्या है फिल्म की कहानी?
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ लक्ष्मीनारायण की कहानी है. वो अपनी मां की मौत के बाद जिंदगी और ईश्वर से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है. उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसका सामना आध्यात्मिक अनुभवों से होता है. इसके बाद धीरे-धीरे उसकी जिंदगी की दिशा बदल जाती है. फिल्म में शोबिनॉव सत्य लीड रोल में हैं. उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी इस फिल्म का हिस्सा हैं.
बॉक्स ऑफिस पर पकड़ी रफ्तार
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत में खास कमाई नहीं की थी. लेकिन 3 हफ्तों के बाद फिल्म की रफ्तार बदलने लगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म अब तक करीब 97.77 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 82.88 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है. यानी जिस फिल्म ने धीमी शुरुआत की थी, वही अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ा सरप्राइज बन चुकी है. उत्तराखंड में टैक्स फ्री होने के बाद इसके बिजनेस को और फायदा मिलने की उम्मीद है.
News Source: PTI
न सुपरस्टार, न बड़ा बजट, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर छा गईं ये 5 फिल्में; कहानी ने बनाया ब्लॉकबस्टर
