Home मनोरंजन किताबों से आगे जिंदगी सिखाने वाली बॉलीवुड की 10 फिल्में, हर कहानी में छिपा है अलग गुरु मंत्र

किताबों से आगे जिंदगी सिखाने वाली बॉलीवुड की 10 फिल्में, हर कहानी में छिपा है अलग गुरु मंत्र

by Preeti Pal 5 September 2026, 12:33 PM IST (Updated 5 September 2026, 12:44 PM IST)
5 September 2026, 12:33 PM IST (Updated 5 September 2026, 12:44 PM IST)
किताबों से आगे जिंदगी सिखाने वाली बॉलीवुड की 10 फिल्में, हर कहानी में छिपा है अलग गुरु मंत्र

Teachers Day 2026: क्लासरूम, ब्लैकबोर्ड, होमवर्क, एग्जाम और टीचर की डांट. स्कूल के ये दिन भले ही पीछे छूट गए हों, लेकिन एक अच्छे शिक्षक की कही हुई बात अक्सर जिंदगी भर हमारे साथ रहती है. कोई टीचर हमें सिर्फ गणित का फॉर्मूला सिखाता है, तो कोई ये समझा जाता है कि जिंदगी के मुश्किल सवालों का जवाब कैसे ढूंढना है. शायद यही वजह है कि बॉलीवुड ने भी टीचर और स्टूडेंट के रिश्ते को बार-बार अपनी कहानियों का हिस्सा बनाया है. हर साल 5 सितंबर को टीचर्स डे मनाया जाता है. ये दिन देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के मौके पर मनाया जाता है. इस दिन शिक्षकों के योगदान को याद करने के साथ-साथ ये भी समझने का मौका मिलता है कि एजुकेशन का मतलब सिर्फ किताबें और नंबर नहीं हैं.

बॉलीवुड की कई फिल्मों ने इसी सोच को पर्दे पर बड़ी खूबसूरती से पेश किया है. इनमें कोई फिल्म बच्चे के आत्मविश्वास की कहानी कहती है, कोई गरीबी से लड़कर आगे बढ़ने की, तो कोई बताती है कि एक अच्छा टीचर किसी की पूरी जिंदगी बदल सकता है. तो इस टीचर्स डे अगर आपका मूड कुछ अच्छा, इमोशनल और प्रेरणादायक देखने का है, तो इन 10 फिल्मों की लिस्ट संभालकर रख लीजिए.

तारे जमीन पर

जब पढ़ाई में नंबर कम आएं तो बच्चे को कमजोर समझ लेना सबसे आसान काम है. लेकिन क्या हो अगर वो बच्चा कमजोर नहीं, बल्कि बाकी बच्चों से अलग तरीके से सीखता हो? आमिर खान की तारे जमीन पर इसी सवाल का जवाब देती है. फिल्म में ईशान अवस्थी नाम का बच्चा पढ़ाई में स्ट्रगल करता है. उसके लिए अक्षर और शब्द वैसे आसान नहीं हैं जैसे बाकी बच्चों के लिए. परिवार और स्कूल उसकी परेशानी को समझने के बजाय उसे लापरवाह और कमजोर मानने लगते हैं. फिर उसकी जिंदगी में आते हैं आर्ट टीचर राम शंकर निकुंभ. वो ईशान की समस्या को समझते हैं और उसकी कमियों के बजाय उसके टैलेंट पर ध्यान देते हैं. पेंटिंग के जरिए ईशान को खुद पर भरोसा करना सिखाया जाता है. फिल्म का सबसे बड़ा सबक यही है कि हर बच्चा एक जैसा नहीं होता. किसी की ताकत गणित हो सकती है तो किसी की कला, संगीत या खेल. एक अच्छे टीचर का काम सिर्फ ये देखना नहीं कि बच्चे ने कितना याद किया, बल्कि ये पहचानना भी है कि वो असल में किस चीज में चमक सकता है.

न एक्शन, न ग्लैमर और ना ही बड़ा बजट, फिर भी दिल जीत रही है Hanuman Ansh, जानें कैसी है फिल्म

सुपर 30

अगर शिक्षा को लेकर किसी फिल्म ने संघर्ष, मेहनत और उम्मीद को एक साथ दिखाया है, तो वो है सुपर 30. ऋतिक रोशन ने फिल्म में आनंद कुमार का किरदार निभाया है. कहानी ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के इर्द-गिर्द घूमती है जिनके सपने बड़े हैं, लेकिन उनके पास संसाधन सीमित हैं. यहां टीचर सिर्फ किताब पढ़ाने वाला इंसान नहीं है. वो छात्रों को ये भरोसा देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी मुश्किल क्यों न हों, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर मंजिल हासिल की जा सकती है. फिल्म खास तौर पर उन स्टूडेंट्स की कहानी को सामने लाती है जिन्हें अक्सर संसाधनों की कमी की वजह से पीछे रहना पड़ता है. सुपर 30 का सबसे बड़ा सबक है कि, टैलेंट को सिर्फ पैसे या सुविधाओं के तराजू पर नहीं तौला जा सकता.

हिचकी

रानी मुखर्जी की हिचकी उन फिल्मों में है जो बताती हैं कि किसी शारीरिक चुनौती को अपनी पहचान बनने देना जरूरी नहीं है. फिल्म में रानी ने नैना माथुर का किरदार निभाया है, जो टॉरेट सिंड्रोम की वजह से अजीब आवाजें निकालती हैं. टीचर बनने का सपना होने के बावजूद उन्हें कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है. आखिरकार उन्हें एक स्कूल में पढ़ाने का मौका मिलता है, लेकिन ऐसी क्लास दी जाती है जिसे स्कूल के सबसे मुश्किल स्टूडेंट्स का ग्रुप माना जाता है. नैना इन बच्चों को डांटकर या डराकर बदलने की कोशिश नहीं करतीं. वो उन्हें समझती हैं, उनके साथ जुड़ती हैं और उनकी क्षमता पर भरोसा करती हैं. फिल्म की खूबसूरती यही है कि यहां टीचर और स्टूडेंट दोनों एक-दूसरे से सीखते हैं. संदेश साफ है कि, कभी-कभी आपकी सबसे बड़ी कमजोरी ही आपकी सबसे बड़ी ताकत बनने की शुरुआत हो सकती है.

चल चलें

चल चलें फिल्म एजुकेशन के उस दबाव को दिखाती है जो बच्चों के मानसिक और भावनात्मक जीवन पर भारी पड़ सकता है. फिल्म ये सवाल उठाती है कि आखिर बच्चों पर पढ़ाई और सफलता का कितना दबाव सही है? क्या हर बच्चे को सिर्फ इसलिए लगातार धकेलते रहना चाहिए क्योंकि उसे दूसरों से आगे निकलना है? ये कहानी माता-पिता, टीचर और समाज तीनों को सोचने पर मजबूर करती है कि बच्चों के लिए सफलता का मतलब सिर्फ मार्कशीट नहीं होना चाहिए. बच्चों की खुशी, आत्मविश्वास और मानसिक शांति भी उतनी ही जरूरी है.

पाठशाला

शाहिद कपूर की पाठशाला एजुकेशन सिस्टम के उन पहलुओं पर सवाल उठाती है जहां बच्चों की पढ़ाई पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ सकता है. फिल्म में शाहिद एक ऐसे टीचर के रोल में हैं जो मानते हैं कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ परीक्षा में अच्छे नंबर लाना नहीं है. बच्चों के लिए स्कूल ऐसी जगह भी होना चाहिए जहां वो सवाल पूछ सकें, अपना टैलेंट पहचान सकें और कॉन्फिडेंस के साथ आगे बढ़ सकें. आज के दौर में जब बच्चे पढ़ाई, कॉम्पटीशन और करियर के दबाव में रहते हैं, ये फिल्म फिर याद दिलाती है कि एजुकेशन में इंसानियत और समझ भी जरूरी है.

OTT की गद्दी अब बड़े पर्दे पर, Mirzapur: The Movie में लौटे कालीन भैया, गुड्डू और मुन्ना

आई एम कलाम

आई एम कलाम शिक्षा और सपनों की ऐसी कहानी है जो दिल को छू जाती है. फिल्म एक ऐसे बच्चे की कहानी सामने लाती है जिसके पास साधन कम हैं, लेकिन सपने बड़े हैं. कहानी का मैसेज साफ है कि, एजुकेशन इंसान को सिर्फ नौकरी के लिए तैयार नहीं करती, बल्कि उसे अपनी पहचान बनाने और दुनिया को नए नजरिए से देखने की ताकत भी देती है. ये फिल्म खासतौर पर बच्चों की जिज्ञासा और सीखने की इच्छा को महत्व देती है. अगर किसी बच्चे को सही मौके और बढ़ावा मिल जाए तो उसकी मंजिल दूर नहीं रहती.

चक दे! इंडिया

अब अगर आपको लगता है कि शिक्षक सिर्फ क्लासरूम में ही मिलते हैं, तो चक दे! इंडिया फिल्म आपकी इस सोच को बदल सकती है. शाहरुख खान का कबीर खान यहां टीजर से ज्यादा एक कोच के रोल में नजर आते हैं. भारतीय महिला हॉकी टीम को संभालते हुए वो खिलाड़ियों को सिर्फ खेल की तकनीक नहीं सिखाते, बल्कि उन्हें टीमवर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास का मतलब भी समझाते हैं. फिल्म का मजेदार हिस्सा ये है कि, शुरुआत में टीम के खिलाड़ी आपस में ही उलझते रहते हैं. लेकिन धीरे-धीरे एक कोच उन्हें व्यक्तिगत पहचान से ऊपर उठकर टीम के लिए खेलना सिखाता है. ये कहानी बताती है कि कभी-कभी जिंदगी का सबसे बड़ा सबक किताब से नहीं, मैदान में भी मिल जाता है.

रॉकफोर्ड

अगर आप थोड़ी शांत और सेंसिटिव फिल्म देखना चाहते हैं तो रॉकफोर्ड एक अच्छा ऑप्शन है. फिल्म बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाले एक यंगस्टर की कहानी है, जो नए माहौल में खुद को अकेला और उलझा हुआ महसूस करता है. ऐसे समय में एक टीचर उसके लिए सिर्फ शिक्षक नहीं रहता, बल्कि एक भरोसेमंद दोस्त और मार्गदर्शक बन जाता है. ये फिल्म दिखाती है कि टीन एज में बच्चों को सिर्फ नियम और अनुशासन नहीं, बल्कि किसी ऐसे इंसान की भी जरूरत होती है जो उनकी बात सुने और उन्हें समझे.

वीकेंड की बोरियत खत्म! Netflix से Prime Video तक इस हफ्ते OTT पर आ रही हैं ये 7 नई फिल्में और सीरीज

सर

साल 1993 में रिलीज़ हुई फिल्म सर में नसीरुद्दीन शाह ने एक ऐसे टीचर का रोल किया है, जो अपने स्टूडेंट्स की पढ़ाई से आगे जाकर उनकी जिंदगी की परेशानियों को समझने की कोशिश करता है. फिल्म की खासियत ये है कि यहां टीचर और स्टूडेंट का रिश्ता सिर्फ ब्लैकबोर्ड और किताब तक नहीं रहता. टीचर का सेंसिटिव रवैया छात्रों को मुश्किल हालातों से निपटने में मदद करता है. ये फिल्म याद दिलाती है कि एक अच्छा टीचर वो होता है जिसके पास स्टूडेंट सिर्फ सवाल लेकर नहीं, बल्कि अपनी परेशानियां लेकर भी जा सकते हैं.

चॉक एन डस्टर

चॉक एन डस्टर एजुकेशन सिस्टम और टीचर्स के स्ट्रगल को दिखाती है. जूही चावला और शबाना आजमी जैसे कलाकारों ने फिल्म में शिक्षकों की भूमिका निभाई है. फिल्म उन टीचर्स की मेहनत को सामने लाती है जो सीमित संसाधनों और बदलती शिक्षा व्यवस्था के बीच भी छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं. ये कहानी बताती है कि शिक्षक की जिंदगी भी हमेशा आसान नहीं होती. क्लास में मुस्कुराकर खड़े होने के पीछे कई बार उनकी अपनी परेशानियां और संघर्ष छिपे होते हैं.

असली सबक

इन 10 फिल्मों को अगर ध्यान से देखें तो इनकी कहानियां अलग जरूर हैं, लेकिन मैसेज काफी हद तक एक जैसा है. एक अच्छा टीचर सिर्फ सिलेबस पूरा नहीं करता, वो बच्चे को खुद पर भरोसा करना सिखाता है. कहीं टीचर बच्चे के छिपे टैलेंट को पहचानता है, कहीं उसे असफलता से लड़ना सिखाता है, कहीं आर्थिक मुश्किलों के बावजूद सपने देखने की हिम्मत देता है और कहीं उसे ये समझाता है कि जिंदगी सिर्फ नंबरों की दौड़ नहीं है. आज के समय में जब बच्चों के सामने पढ़ाई, करियर, सोशल मीडिया और कॉम्पटीशन का दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसी कहानियां और भी जरूरी लगती हैं. शिक्षक बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें समाज, रिश्तों, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी को समझने का नजरिया भी देते हैं. यही वजह है कि टीचर्स डे सिर्फ शिक्षकों को फूल और कार्ड देने का दिन नहीं, बल्कि उनके योगदान को याद करने का मौका भी है. तो इस टीचर्स डे पर अगर आप अपने पुराने स्कूल के दिनों को याद करना चाहते हैं, परिवार के साथ कुछ अच्छा देखना चाहते हैं या बस ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जो मनोरंजन के साथ कुछ सिखा भी दे, तो इन फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं. क्योंकि आखिर में जिंदगी की सबसे बड़ी क्लास वही होती है जिसमें कोई ब्लैकबोर्ड नहीं होता, कोई घंटी नहीं बजती और फिर भी हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है. उस क्लास के टीचर कभी स्कूल के मास्टरजी होते हैं, कभी कोई कोच, कभी मेंटोर और कभी जिंदगी खुद.

कभी ट्रेन में भजन गाकर चलाते थे जिंदगी, अब Hanuman Ansh के गाने से छा गए सुनील लोधी

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?