Hanuman Ansh: आस्था, आध्यात्म और श्रद्धा की कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आई हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ लोगों का दिल रही है. अब ये कहानी इंटरनेशनल ऑडियन्स तक पहुंचने के लिए तैयार है. फिल्म को 11 सितंबर, 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा. इस फिल्म को विदेशों में पहुंचाने की जिम्मेदारी मशहूर प्रोडक्शन बैनर होम्बले फिल्म्स ने ली है. ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी बड़ी फिल्मों से अपनी पहचान बना चुकी होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की घोषणा की. प्रोडक्शन हाउस ने बताया कि, होम्बले ओवरसीज़ के जरिए ‘हनुमान अंश’ को विदेशी बाजारों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म की कहानी भारत के मशहूर आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा की जिंदगी पर है. इस फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने डायरेक्ट किया है और उन्होंने ही इसकी कहानी भी लिखी है.
योगी बनने की कहानी
‘हनुमान अंश’ की कहानी डॉ. राम भोसले के सफर को दिखाती है. फिल्म में उनकी जिंदगी के उस दौर को दिखाया गया है, जब वो भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े एक अंडरग्राउंड क्रांतिकारी थे. लेकिन जिंदगी का रास्ता हमेशा वैसा नहीं होता, जैसा इंसान सोचता है. संघर्ष, अनुभव और आध्यात्मिक खोज के बीच डॉ. राम भोसले की जिंदगी एक नया मोड़ लेती है. फिर उनका सफर एक योगी की दिशा में आगे बढ़ता है. इस बदलाव में नीम करोली बाबा की शिक्षाओं और मार्गदर्शन की बड़ी भूमिका दिखाई गई है. फिल्म सिर्फ एक इंसान की कहानी नहीं, बल्कि विश्वास, सेवा और अंदर से खुद को बदलने की जर्नी को भी पर्दे पर लाती है. वैसे भी, आज के टाइम में, जहां जिंदगी अक्सर काम, तनाव और रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच उलझी रहती है, ‘हनुमान अंश’ जैसी कहानी लोगों को एक अलग तरह अनुभव देने की कोशिश करती है.
धीमी शुरुआत, अब करोड़ों का सफर
‘हनुमान अंश’ भारतीय सिनेमाघरों में 7 अगस्त को रिलीज हुई थी. फिल्म की बॉक्स ऑफिस शुरुआत काफी स्लो रही. शुरुआती दो हफ्तों में इसकी कमाई उम्मीद के हिसाब से नहीं बढ़ पाई. लेकिन इसके बाद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने लगी. वर्ड ऑफ माउथ ने फिल्म को फायदा पहुंचाया. धीरे-धीरे फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ी. ये फिल्म अब तक 72.97 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है. इसके अलावा 61.88 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया है.
अब ग्लोबल सफर के लिए तैयार
‘हनुमान अंश’ की अंतरराष्ट्रीय रिलीज इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसे होम्बले फ्लिम्स का साथ मिला है. अब इस बैनर के जरिए ‘हनुमान अंश’ विदेशों में रहने वाले भारतीयों और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचेगी. ऐसे में अब सबकी नजर 11 सितंबर पर रहेगी, जब ये फिल्म भारत की सीमाओं से बाहर निकलकर दुनियाभर के सिनेमाघरों में अपना सफर शुरू करेगी. हालांकि, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मजबूत वापसी करने वाली इस फिल्म के सामने अब नई चुनौती है. क्या इसकी कहानी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भी उसी तरह पसंद आएगी? फिलहाल इतना तय है कि ‘हनुमान अंश’ का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है.
News Source: PTI
Padmaavat के जौहर सीन पर फिर छिड़ी बहस, स्वरा भास्कर के सवालों पर फिल्म के राइटर का करारा जवाब
