Kaviya-Anirudh Wedding: साउथ फिल्मों के फेमस सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद क्रिकेट टीम की मालकिन काव्या मारन, अपनी शादी की खबरों को लेकर आजकल काफी चर्चा में हैं. यह जोड़ा नवंबर में शादी के बंधन में बंधने जा रहा है. इस बीच काव्या के पिता और सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन ने अपनी पत्नी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को रिसेप्शन पार्टी का न्योता दिया है.
प्रधानमंत्री मोदी को वेडिंग रिसेप्शन का निमंत्रण
शादी की चर्चाओं के बीच, कलानिधि मारन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. ‘सन न्यूज’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं. इस मुलाकात के दौरान दोनों परिवारों के सदस्य भी मौजूद थे, हालांकि जारी की गई तस्वीरों में अनिरुद्ध रविचंदर कहीं नजर नहीं आए.
कलानिधि मारन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से भी मुलाकात की और उन्हें वेडिंग रिसेप्शन के लिए आमंत्रित किया. इस मुलाकात के दौरान काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर दोनों मौजूद थे. उन्हें एक साथ देखकर, फैंस के बीच उनकी शादी को लेकर दिलचस्पी और बढ़ गई है.
21 नवंबर को चेन्नई में होगा रिसेप्शन
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन के बारे में जानकारी दी है. पोस्ट में लिखा है “कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान, उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी बेटी काव्या मारन के शादी के रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया.” पोस्ट से पता चलता है कि यह रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा.
कौन हैं काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ?
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के एक जाने-माने संगीतकार और गायक हैं. उनका सुपरस्टार रजनीकांत के परिवार से भी संबंध है. उनके पिता रवि राघवेन्द्र, रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत के भाई हैं. काव्या मारन सन टीवी ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं. वह सन टीवी नेटवर्क में कार्यकारी निदेशक (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) के रूप में काम करती हैं. इसके अलावा, काव्या IPL फ्रेंचाइजी ‘सनराइजर्स हैदराबाद’ की मालकिन हैं और अक्सर मैचों के दौरान स्टेडियम में अपनी टीम का उत्साह बढ़ाते हुए दिखती हैं.
शादी को लेकर अटकलें
ऐसी खबरें हैं कि काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ग्रीस में शादी के बंधन में बंध सकते हैं. हालांकि, शादी की तारीख या जगह को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, इसलिए ग्रीस में समारोह होने की खबरों की पुष्टि नहीं हुई है. रिसेप्शन का निमंत्रण सामने आने के बाद, अब फैंस इस जोड़े की शादी से जुड़ी और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.
Ajay Devgn और Kajol के जुहू वाले बंगले पर चला BMC का बुलडोजर, जानें क्यों तोड़ा गया घर
News Source: ANI
