Delhi-NCR Rain Alert: दिल्ली-NCR में मानसून इस वक्त कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है. शुक्रवार को हुई लगातार बारिश ने जहां सड़कों को तालाब में बदल दिया, वहीं ट्रैफिक की रफ्तार भी थाम दी. अब शनिवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट और कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यानी आज घर से निकलने से पहले मौसम का अपडेट देख लेना समझदारी होगी.
पानी भरने की टेंशन
शुक्रवार की तेज बारिश के बाद दिल्ली और गुरुग्राम की कई सड़कों पर पानी भर गया. जगह-जगह ट्रैफिक जाम ने लोगों का सफर लंबा कर दिया. दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास भी भारी जलभराव देखने को मिला. इससे फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुए और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ऐसे में शनिवार को फिर बारिश की खबर दिल्लीवालों के लिए थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. दिल्ली के कुछ हिस्सों में दोपहर तक रेड अलर्ट है, जबकि दूसरे इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मूसलाधार बारिश से हाहाकारः कई राज्यों में थमी जिंदगी, गुरुग्राम में ‘वर्क फ्राम होम’ का आदेश
नोएडा-गाजियाबाद वालों के लिए टेंशन
अगर आप नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद या गुरुग्राम में रहते हैं, तो आज छाता और थोड़ा ज्यादा समय दोनों साथ लेकर चलिए. मौसम विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर को दोपहर से देर शाम तक इन इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद में 60 से 140 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है. वहीं, दिल्ली और गुरुग्राम में 30 से 80 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है. दिन के पहले हिस्से में रुक-रुककर बारिश और बाद में तेज बौछारों की संभावना है. इससे शाम के समय पानी भरने की समस्या बढ़ सकती है.
तापमान कम, पर उमस करेगी परेशान
बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन उमस दिल्लीवालों का पीछा छोड़ने के मूड में नहीं है. 5 सितंबर को राजधानी में तापमान करीब 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. आसमान ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा और नमी 70 से 95 फीसदी तक रह सकती है. अच्छी बात ये है कि 6 सितंबर को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इसके बाद 7 सितंबर से मौसम कुछ राहत देता नजर आ सकता है. साथ ही आसमान आंशिक रूप से बादल वाला रहने का अनुमान है. फिलहाल दिल्ली-NCR वालों के लिए आज का मौसम साफ संदेश दे रहा है कि, जरूरी काम हो तो निकलें, लेकिन ट्रैफिक और पानी भरने को ध्यान में रखकर. क्योंकि दिल्ली की बारिश सिर्फ मौसम नहीं बदलती, कभी-कभी पूरा दिन का प्लान भी बदल देती है.
बाढ़ का कहर: वाराणसी की सड़कों पर चलीं नावें, शारदा के उफान से मैलानी-नानपारा के बीच ट्रेनें बंद
News Source: PTI
