Air India: हूती हमलों के बीच एयर इंडिया ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी है. पश्चिम एशियाई देश सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए और वहां से आने वाली अपनी उड़ानों को 24 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया है. एयर इंडिया ने कहा कि 15 अक्टूबर या उससे पहले की गई बुकिंग, जिनकी यात्रा की तारीखें 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच हैं, उनके लिए 10 नवंबर तक एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा उपलब्ध है.
10 नवंबर तक मुफ्त में बदल सकेंगे यात्रा की तारीख
एयर इंडिया ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर तक जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए और वहां से आने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. हम समझते हैं कि इससे हमारे यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है, और हम इस दौरान उन्हें अधिक से अधिक लचीलापन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. एयर इंडिया ने कहा कि जिन यात्रियों के पास 15 अक्टूबर या उससे पहले की गई एयर इंडिया या एयर इंडिया एक्सप्रेस की कन्फर्म बुकिंग है, और जिनकी यात्रा की तारीखें 9 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच हैं, वे 10 नवंबर 2026 तक अपनी संबंधित एयरलाइन पर एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदल सकते हैं.
विकल्प भी चुन सकते हैं यात्री
जो यात्री अपनी मूल चुनी गई जगह पर भविष्य की किसी तारीख के लिए दोबारा बुकिंग नहीं करना चाहते, वे उपलब्धता के आधार पर, अपनी एयरलाइन द्वारा सेवा दी जाने वाली GCC (खाड़ी सहयोग परिषद) क्षेत्र की किसी अन्य जगह से अपनी यात्रा फिर से बुक कर सकते हैं. यात्री पश्चिम एशिया में किसी दूसरे गंतव्य (डेस्टिनेशन) का विकल्प भी चुन सकते हैं. एयरलाइन ने कहा कि जो यात्री इस दूसरे विकल्प को चुनते हैं, उन्हें अपनी पसंद की नई जगह तक पहुंचने के लिए खुद यात्रा का इंतजाम करना होगा और वहां के लिए लागू वीजा और प्रवेश संबंधी शर्तों को पूरा करना होगा. एयर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा के लिए या वहां से अपनी यात्रा फिर से बुक कर सकते हैं.
इंडिगो और अकासा एयर की भी उड़ानें स्थगित
एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह के लिए या वहां से अपनी यात्रा फिर से बुक कर सकते हैं. जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, वे यात्रा न करने का फैसला लेकर पूरे रिफंड का विकल्प भी चुन सकते हैं. एयर इंडिया ने कहा कि हम स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और मेहमानों को आगे के अपडेट देते रहेंगे. हमारी प्राथमिकता प्रभावित मेहमानों की मदद करना, उनकी परेशानी कम करना और उन्हें यात्रा के उचित विकल्प देकर उनकी यात्रा जारी रखने में सहायता करना है. इंडिगो और अकासा एयर सहित कई एयरलाइनों ने भी सऊदी अरब में अपना परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है. यह व्यवधान रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले के बाद आया है.
रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों का हमला, 12 लोगों की मौत, 309 घायल
