Bangladesh Fire: बांग्लादेश में समुद्र किनारे बने रिसॉर्ट में आग लगने से 10 लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए. फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. पहली प्राथमिकता राहत और बचाव कार्य की है. उन्होंने बताया कि झुलसे लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी जिले कॉक्स बाजार में समुद्र किनारे स्थित एक रिसॉर्ट में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और नौ लोग झुलस गए.
‘टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट’ जलकर राख
उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कॉक्स बाजार के इनानी इलाके में स्थित ‘टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट’ में आग लग गई. मरीन ड्राइव के पास पटुआर्टेक बीच के करीब स्थित इस रिसॉर्ट में आग लगने के कुछ घंटों बाद दोपहर करीब 1:30 बजे फायर सर्विस के प्रवक्ता तलहा बिन जासिम ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि 10 लोगों की मौत हुई है और नौ लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि घायल हुए नौ लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रिसॉर्ट में मौजूद थे 30 लोग
कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुकतागिन महमूद सोहेल ने बताया कि आग लगने के दौरान मची अफरातफरी के बीच एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हो गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. जलने वाले सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है. मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना यह तीन मंजिला रिसॉर्ट, कोलाटोली से लगभग 29 किमी दूर, समुद्र तटीय कस्बे के प्रवेश द्वार के पास स्थित है. रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने के समय रिसॉर्ट में लगभग 30 लोग मौजूद थे. चार से पांच लोग तो किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है और उनकी स्थिति भी अज्ञात है.
फायर सर्विस कर रही घटना की जांच
कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग की चपेट में आकर पूरी इमारत जलकर खाक हो गई है. कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि अब तक छह शव बरामद किए गए हैं. शवों को उनके परिवारों को सौंपने से पहले उनके डीएनए सैंपल लिए जाएंगे. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. मन्नान ने बताया कि फायर सर्विस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों को शक है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई हो सकती है. हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के असली कारणों का पता चल सकेगा.
अमेरिका में गोलीबारी से दहला स्कूल: 16 वर्षीय शूटर ने शिक्षक और 3 छात्रों को भूना, हमलावर भी ढेर
