Mexico Court: मेक्सिको की एक अदालत ने तीन लोगों की हत्या के मामले में आरोपियों को 158 साल से ज़्यादा की सज़ा सुनाकर सख्त संदेश दिया है. मेक्सिको की एक अदालत ने वर्ष 2024 में दो ऑस्ट्रेलियाई भाइयों और उनके एक अमेरिकी दोस्त की बेरहमी से हत्या करने के मामले में तीन मैक्सिकन पुरुषों को 158 साल और नौ महीने की जेल की सजा सुनाई है. शुक्रवार को आया यह फैसला इन आरोपियों को दोषी ठहराए जाने के एक हफ्ते बाद सुनाया गया. बाजा कैलिफोर्निया राज्य के तटीय शहर एनसेनाडा के एक जज ने आरोपी जीसस गेरार्डो गार्सिया , इरीनेओ फ्रांसिस्को और एंजेल जीसस को हत्या, हिंसा के साथ लूटपाट और वाहन चोरी का दोषी पाया.
सैलानियों की हत्या से वैश्विक छवि को पहुंचा था नुकसान
यह मामला ऑस्ट्रेलियाई नागरिक कैलम और जेक रॉबिन्सन तथा अमेरिकी नागरिक कार्टर रेड रोड की हत्या से जुड़ा था. उनके शव मई 2024 में बरामद हुए थे. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इस दर्दनाक घटना ने मेक्सिको की वैश्विक छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया था. पर्यटन पर अत्यधिक निर्भर इस देश में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे. इस फैसले के बाद पर्यटकों में सुरक्षा व न्याय को लेकर भरोसा जगा है. बाजा कैलिफोर्निया सर्फर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एंटोनियो ओटानेज़ ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि न्याय हुआ है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इन हत्याओं की वजह से इस इलाके में आने वाले पर्यटकों खासकर सर्फर्स की संख्या में भारी गिरावट आई है. यह इलाका अपने खूबसूरत समुद्र तटों के लिए जाना जाता है.
सर्फिंग ट्रिप का दुखद अंत
रॉबिन्सन बंधुओं कैलम और जेक व उनके अमेरिकी दोस्त ने अप्रैल 2024 के आखिर में मैक्सिको जाने का फैसला किया. वे वहां बाजा कैलिफोर्निया राज्य के एन्सेनाडा शहर से लगभग 80 किलोमीटर दूर पुंटा सैन जोस के एक बीच पर सर्फिंग (उनका एक पसंदीदा शौक) करना चाहते थे. इन तीनों दोस्तों ने 27 अप्रैल 2024 की रात को उसी बीच पर कैंप लगाने का फैसला किया. वहां हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. तड़के सुबह उनकी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर उनके शवों को 50 फीट से भी गहरे एक कुएं में फेंक दिया. कई दिनों की तलाश के बाद 3 मई को उनके शव बरामद हुए.
5 मई 2024 को आरोपी हुए गिरफ्तार
बाजा कैलिफोर्निया के अभियोजक कार्यालय ने 5 मई 2024 को बताया कि उन्होंने आरोपी गार्सिया को गिरफ्तार कर लिया है. उसे इन तीन विदेशियों की हत्या के मामले में संदिग्ध हमलावर माना जा रहा था. राज्य के अधिकारियों ने बताया कि एन्सेनाडा में गार्सिया का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें ड्रग्स का धंधा, किसी के घर में जबरन घुसना, घरेलू हिंसा और वाहन चोरी जैसे मामले शामिल थे.
लूटपाट का विरोध करने पर मारी थी गोली
इस मामले में गार्सिया की पूर्व साथी एरी गिसेल सिल्वा राया और उसके दो साथियों इरिनीओ फ्रांसिस्को ‘एन’ और एंजेल जीसस ‘एन’ को भी गिरफ्तार किया गया. सिल्वा राया के पास से पीड़ितों में से एक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था. इसके बाद नवंबर में उसे हिंसा के साथ लूटपाट और हिंसा के साथ वाहन चोरी करने के अपराध में 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई. सरकारी अभियोजक मारिया एलेना एंड्राडे ने आरोप लगाया कि हमलावर विदेशियों की पिकअप ट्रक से टायर चुराना चाहते थे, जिसका पीड़ितों ने विरोध किया. उन्होंने कहा कि हमलावरों ने अपने पास रखी बंदूक निकाली और लूट का विरोध करने वाले व्यक्ति की हत्या कर दी.
अमेरिका में गोलीबारी से दहला स्कूल: 16 वर्षीय शूटर ने शिक्षक और 3 छात्रों को भूना, हमलावर भी ढेर
