School building collapses: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक प्राइवेट स्कूल की छत गिर गई, जिसमें 28 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए. हादसा होते ही घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. हादसे पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुख जताया है. शरीफ ने हादसे में मारे गए बच्चों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज का निर्देश चिकित्सकों को दिया है. अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है.
कक्षाएं चलते समय गिरी छत
बताया जाता है कि जब छत गिरी तो उस समय कक्षाएं चल रहीं थीं. हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. पेशावर कैपिटल सिटी पुलिस प्रमुख मियां सईद ने बताया कि यह घटना शहर के अंदरूनी इलाके ‘दीर कॉलोनी’ में हुई. उन्होंने बताया कि स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है. लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम के अनुसार, इस घटना में 28 छात्रों (जिनमें 6 लड़कियां शामिल हैं) और एक शिक्षिका की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि 40 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं. आसिम ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है.
जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 साल से कम
उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी. पेशावर के डिप्टी कमिश्नर अफाक वजीर ने इमारत गिरने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं. रेस्क्यू टीमें मलबे को हटा रही हैं और उन बच्चों व स्कूल स्टाफ की तलाश कर रही हैं, जो अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हादसे में हुई मौत पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
अन्य स्कूलों की भी जांच के आदेश
उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें हर संभव बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए. गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी छत गिरने की इस घटना पर दुख जताया है. गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने शहर के अन्य स्कूलों की भी जांच के आदेश दिए हैं.
पाकिस्तान में ऑनलाइन बाल यौन शोषण का खौफनाक सच : 15 लाख बच्चों को अपनों ने ही बनाया शिकार
News Source: ANI
