Noida Fire: नोएडा के ममूरा गांव में बुधवार को बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई. बाद में आग पर काबू पा लिया गया. सेक्टर 66 के ममूरा गांव में स्थित इमारत में रह रहे लगभग 50 किरायेदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. पुलिस ने बताया कि दो निवासियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव मिश्रा के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिल वाली इस इमारत में हर मंज़िल पर लगभग 10 से 12 कमरे थे, जिसका इस्तेमाल रिहायशी फ्लैट के तौर पर किया जा रहा था. मकान मालिक को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
चार्ज करते समय स्कूटी में धमाके के बाद लगी आग
मिश्रा ने बताया कि आग लगने की वजह इमारत के अंदर चार्ज हो रहा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर है. आग परिसर में खड़ी पेट्रोल से चलने वाली टू-व्हीलर गाड़ियों तक भी फैल गई, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफ़ॉर्म तुरंत मौके पर भेजी गई. ज़्यादातर निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, आग एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में धमाके के बाद लगी. आग तेज़ी से फैली और आस-पास खड़ी कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने के समय इमारत के अंदर करीब 50 परिवार मौजूद थे. फायर ब्रिगेड ने कई फायर टेंडर्स की मदद से आग पर काबू पा लिया.
घायलों के उपचार में न हो लापरवाहीः सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर 66 में एक इमारत में लगी आग की घटना का संज्ञान लिया. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्यों में तेज़ी लाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए. योगी ने कहा कि घायलों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही न बरता जाए.
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों के लिए उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने को कहा. अगलगी के बाद चीफ फायर ऑफिसर और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. बचाव अभियान के दौरान लोगों को बाहर निकाला गया. धुएं की वजह से जिनकी तबीयत बिगड़ी, उन दो लोगों को एम्बुलेंस से तुरंत ज़िला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया.
गर्दन से लेकर जांघ तक चाकू से गोदा, साइको बॉयफ्रेंड ने लड़की को बेरहमी से मारा, फिर किया ये कांड
News Source: PTI
