Gorakhpur News: गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के तीन दिवसीय 37वें स्थापना दिवस का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (29 नवंबर) को करेंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष 17650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का एमओयू होगा. साथ ही सीएम के हाथों गीडा परिक्षेत्र और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी. मुख्यमंत्री औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का भी शुभारंभ करेंगे.
ODOC के स्टाल होंगे खास आकर्षण
इसमें गीडा में बन रहे उत्पादों के साथ ही एक जिला एक व्यंजन (ODOC) के स्टाल खास आकर्षण होंगे. गीडा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बायर्स-सेलर्स मीट का भी आयोजन होगा जिसमें अन्य शहरों-राज्यों के अलावा विदेश से भी प्रतिभागी सम्मिलित होंगे. गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल कुमार के अनुसार 29 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस दौरान उनके समक्ष 17650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के लिए पांच कंपनियों से एमओयू का आदान प्रदान किया जाएगा. यह पूंजी निवेश मुख्य रूप से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया), दवा निर्माण (फार्मास्युटिकल्स), धातु प्रसंस्करण, आसवनी (डिस्टिलरी) और मत्स्य आहार (फिश फीड) उत्पादन जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में किया जाएगा.
खुलेंगे रोजगार के अवसर
इस पहल से न केवल पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे. एक्मे (ACME) कंपनी की ओर से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया) परियोजना के लिए 16000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू किया जाएगा. इसके अतिरिक्त सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा. लिमिटेड की ओर से दवा निर्माण की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, आर्बिट ग्रुप की ओर से आयरन/स्टील/एल्युमीनियम व्हील रोलिंग की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज की ओर से आसवनी (डिस्टिलरी) परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये और दीपक नेक्सजेन फीड्स प्रा. लिमिटेड की ओर से मत्स्य आहार (फिश फीड्स) परियोजना के लिए 150 करोड़ रुपये निवेश का एमओयू होगा.
कई विकास कार्यों का होगा शिलान्यास एवं लोकार्पण
इसके अलावा 104 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी. सीएम योगी 502 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे. गीडा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर बायर्स-सेलर्स मीट, औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का भी आयोजन होगा. पहली बार विदेश से खरीदार गीडा आ रहे हैं. जापान, नेपाल, आस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका आदि देशों के प्रतिनिधि यहां आएंगे. साथ ही दिल्ली, पंजाब, मुंबई समेत देश के विभिन्न हिस्सों से भी प्रतिनिधियों की सहभागिता होगी. उधर, औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेला में उत्पादों के करीब पांच दर्जन स्टॉल लगेंगे. इनमें गारमेंट पार्क, प्लास्टिक पार्क के साथ ही फर्नीचर, स्टार्टअप के साथ ही ओडीओसी के स्टाल शामिल हैं.
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
