Haryana Murder: हरियाणा के करनाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 10 रुपये के मामूली लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया. करनाल के बूढ़ाखेड़ा गांव में दुकान पर सब्जी खरीदने आए दो युवकों ने चंद रुपयों के पीछे मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं. पैसे मांगने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें बुजुर्ग दुकानदार की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस खौफनाक वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो घटना की भयावहता को बयां कर रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और पूरे गांव में भारी आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
पैसे मांगने पर शुरू हुई कहासुनी
मृतक की पहचान संजय सैनी के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता सहारा थे. वह गांव की मुख्य सड़क के पास नाले किनारे फल और सब्जी की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे. सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे संजय सैनी अपनी पत्नी अनु सैनी और बेटियों के साथ दुकान पर ही मौजूद थे. इसी दौरान दो युवक उनकी दुकान पर सामान खरीदने आए. युवकों ने दुकान से 210 रुपये का सामान लिया. उन्होंने केवल 200 रुपये दिए और बाकी के पैसे दिए बिना ही जाने लगे. जब दुकानदार के परिवार ने बाकी बचे 10 रुपये की मांग की, तो दोनों युवक अचानक भड़क गए और सरेआम गाली-गलौज करने लगे. दुकान पर मौजूद लड़कियों के साथ युवकों को बदतमीजी करता देख संजय सैनी बीच-बचाव करने के लिए आगे आए.
घर का इकलौता सहारा था मृतक
उन्होंने युवकों को शांत रहने और महिलाओं से तमीज से बात करने को कहा. आरोप है कि इसी बात से गुस्साए युवकों ने संजय सैनी के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन्हें जोर से धक्का दे दिया. माहौल बिगड़ता देख और अपने पिता को खतरे में पाकर संजय सैनी की बेटी सलौनी उन्हें बचाने के लिए आगे आई. उसने आरोपियों को डराने और पीछे हटाने के लिए पास में रखा एक डंडा उठा लिया. लेकिन बेखौफ आरोपियों ने उस लड़की के हाथ से ही डंडा छीन लिया और उल्टा उसी से परिवार पर हमला बोल दिया. बीच-बचाव करने आई मां अनु सैनी के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की. इसके बाद दोनों युवक और ज्यादा उग्र हो गए. मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा थे.
गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित
युवकों ने पास में पड़ी ईंटें और वही डंडा उठाकर संजय सैनी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. लहूलुहान हालत में संजय सैनी जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. सिर में आई गंभीर चोटों के कारण संजय सैनी जिंदगी की जंग हार गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना ने हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह से तबाह कर दिया है. मृतक संजय सैनी की चार बेटियां हैं और वह अकेले ही मेहनत-मजदूरी करके पूरे घर का खर्च चलाते थे. पुलिस ने इस मामले में दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके.
छत्तीसगढ़ में बीच बाजार ज्वैलर की हत्या कर 50 लाख के आभूषण लूटे, व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें
