Road Accident: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि सात गंभीर घायल हो गए. तेज़ रफ़्तार जीप सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. हादसा सोमवार शाम करीब 6 बजे किनवट तहसील के टोटाम्बा फ़ॉरेस्ट घाट पर हुआ. पुलिस के अनुसार, जीप सवार पड़ोसी राज्य तेलंगाना के निर्मल ज़िले के पारडी गांव के रहने वाले थे. वे नांदेड़ में भगवान महादेव के मंदिर में पूजा-अर्चना करके घर लौट रहे थे, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क से उतरकर ज़ोरदार टक्कर के साथ सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से टकरा गई. हादसे में तीन की मौत हो गई. मृतकों की पहचान तुम सैलू (60), तुम गौराबाई (60) और अवला गंगाधर (55) के रूप में हुई है.
गांव में छाया मातम
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि जीप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों ने गाड़ी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. अधिकारी ने बताया कि सात गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे के इलाज के लिए तेलंगाना के कुबीर स्थित अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने इंजन बंद कर दिया था और गाड़ी बिना इंजन के चल रही थी, लेकिन मोड़ पर वह उसे चालू नहीं कर पाया, जिससे यह हादसा हो गया. तीन तीर्थयात्रियों की मौत के बाद गांव में मातम छा गया. श्रद्धालु सावन के पवित्र महीने के तीसरे ‘श्रावणी सोमवार’ के मौके पर सहस्रकुंड इलाके में स्थित भगवान महादेव के मंदिर में पूजा-अर्चना करके लौट रहे थे.
पूरी तरह से चकनाचूर हो गई जीप
तेज रफ़्तार के कारण तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक कमांडर जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की खबर मिलते ही इस्लापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि जीप पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, तेलंगाना के कुबेर मंडल के पारडी इलाके से श्रद्धालुओं का एक समूह सावन के पवित्र महीने में भगवान महादेव की पूजा करने के लिए किनवट तालुका में सहस्रकुंड के पास स्थित प्रसिद्ध कैलाश पहाड़ी पर गया था.
घटनास्थल पर मची चीखपुकार
‘श्रावणी सोमवार’ (सावन महीने का पवित्र सोमवार) के कारण भक्तों की भारी भीड़ थी. पूजा-अर्चना के बाद भक्त कमांडर जीप से अपने गांव लौट रहे थे. टोटाम्बा घाट इलाके में तेज़ रफ़्तार के कारण ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया. हादसे के बाद अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी. कुछ गंभीर रूप से घायल यात्री गाड़ी के अंदर ही फंस गए थे. टक्कर की आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि तीन लोगों दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
रिश्तों की कहानी का हुआ खौफनाक अंत! भाभी से कथित संबंधों का विरोध करने पर पत्नी की हत्या?
News Source: PTI
