UP Crime: मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक व्यक्ति पर अपने परिवार के सदस्यों की मदद से पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, रविवार को मोहसिना (30) की उसके पति राशिद (37) और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि मोहसिना अपने पति के उसकी भाभी के साथ कथित अवैध संबंधों का विरोध करती थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. आरोप है कि पारिवारिक विवाद बढ़ने के बाद राशिद ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मोहसिना की हत्या कर दी. अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
SHO गजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं के तहत राशिद, उसके तीन भाइयों (मतलूब, कल्लू और आस मोहम्मद) और कल्लू की पत्नी साजिदा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में सोमवार को राशिद और आस मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही बाकी के आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
वहीं, मोहसिना के भाई की तरफ दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार 13 साल पहले उसकी बहन की शादी राशिद से हुई थी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि बहस के दौरान मोहसिना की पिटाई की गई और बाद में पति ने अन्य आरोपियों की मदद से गला घोंटकर हत्या कर दी.
पिता ही बना बेटे का कातिल! डॉक्टर के बहाने सुनसान जगह बुलाया, फिर साथी के साथ मिलकर कर दी हत्या
सूचना मिलने के बाद मायके वाले पहुंचे घर
इसके अलावा ग्रामीणों से जानकारी मिलने के बाद मोहसिना के पिता शौकिन अली और उसके मायके वाले तुरंत तावली पहुंचे. परिजनों ने बताया कि जब वह रविवार की सुबह 9 बजे उसके घर पहुंचे तो मोहसिना के घर पर ताला लगा हुआ था. जब पति राशिद की तलाश की तो वह आसपास कहीं नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और फिर महिला की सामान्य की मौत जगह हत्या की आशंका जताई गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया
हत्या की आशंका के बीच फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का गहनता के साथ निरीक्षण किया. टीम ने वहां से कई साक्ष्य जुटाए और उसे चैक करवाने के लिए लैब भेज दिया. पुलिस अब इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है. अब परिजनों ने हत्या के आरोप की निष्पक्ष जांच करवाने के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
News Source: PTI
