Home Latest News & Updates CBI करेगी परविंदर झोटा की हत्या की जांच, सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान, अब होगा अंतिम संस्कार?

CBI करेगी परविंदर झोटा की हत्या की जांच, सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान, अब होगा अंतिम संस्कार?

by Neha Singh 20 October 2026, 12:09 PM IST
20 October 2026, 12:09 PM IST
Parvinder Jhota Murder

Parvinder Jhota Murder: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को घोषणा की कि परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को सौंपी जाएगी. एक्स पर एक पोस्ट में मान ने कहा कि राज्य सरकार झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है, जो नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे. उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. मान ने कहा “हम नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे परमिंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ हमेशा मजबूती से खड़े हैं. परिवार की मांग को मानते हुए, हम इस मामले को CBI को सौंप रहे हैं.”

मेडिकल शॉप के मालिक ने मारी गोली

नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, मान ने कहा कि “नशा तस्करों के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक है. पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जो भी कड़े कदम उठाने पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे.” मानसा जिले के नशा-विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा को मंगलवार (13 अक्टूबर) को कथित तौर पर एक मेडिकल शॉप के मालिक ने गोली मार दी थी. उन्हें गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई. कई किसान और मजदूर संगठनों ने इस हत्या के लिए राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए गुरुवार (15 अक्टूबर) को पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया था.

परिवार में आक्रोश

झोटा के पिता, भीम सिंह ने इस हमले को रोकने में नाकाम रहने पर राज्य प्रशासन की आलोचना की और मुख्यमंत्री तथा DGP से जवाबदेही की मांग की. उन्होंने इस मामले की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) से कराने की भी मांग की थी. भीम सिंह ने कहा, “अगर मुख्यमंत्री और डीजीपी की अंतरात्मा जागती है, तो उन्हें खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए. इस हत्या की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) से कराई जानी चाहिए.

बता दें, परविंदर झोटा का अंतिम संस्कार अब तक नहीं हुआ है. परिवार और ‘न्याय समिति’ CBI जांच की अपनी मांग पर अड़े हुए थे. झोटा का शव मानसा के सिविल अस्पताल में लगभग आठ दिनों से रखा हुआ है. अब मुख्यमंत्री द्वारा CBI जांच की घोषणा के बाद परिवार झोटा का अंतिम संस्कार कर सकता है.

आरोपी गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले, बुधवार को पंजाब पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में, मुख्य शूटर माने जा रहे व्यक्ति को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया. सालासर स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) शंकर लाल भारी के अनुसार, आरोपी को सालासर बालाजी मंदिर के पास स्थित श्री गंगानगर धर्मशाला से गिरफ्तार किया गया, जहां वह भेष बदलकर छिपा हुआ था.

परविंदर झोटा की हत्या के आरोपी के घर चला बुलडोजर, गुस्साई भीड़ ने दुकान में लगाई आग

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?