Kota Building Collapse : कोटा में बिल्डिंग गिरने की दुखद खबर सामने आई है. इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 13 को गंभीर रूप से घायल हो गए. हालांकि, प्राथमिक इलाज के बाद 5 लोगों को छुट्टी दे दी गई है.
Kota Building Collapse : राजस्थान के कोटा शहर में शनिवार की देर रात एक तीन मंजिला इमारत ढह गई. तलवंडी इलाके में स्थित इस इमारत के ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई और 13 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घायलों में 8 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पांच लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है. वहीं, मृतकों की पहचान आर्यन (20) और लक्ष्मण (15) के रूप में हुई है. घटना को लेकर कैबिनेट मंत्री हीरालाल नागर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुल 15 लोगों को मलबे से निकाला गया है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. साथ ही घटना कैसे हुई इसको जानने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं और उसके बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.
मलबा हटाने के लिए JCB को बुलाया
बताया जा रहा है घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और इसके बाद तत्काल प्रभाव रेस्क्यू ऑपरेशन चला दिया. इसी बीच मलबा हटाने के लिए जेसीबी को बुलाया गया. अब अधिकारियों का कहना है कि अब मलबे में किसी के दबे होने की आशंका नहीं है. फिर भी प्रशासन ने एहतियातन के तौर पर ऑपरेशन जारी रखा है. वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्रेन करीब घटना स्थल पर डेढ़ घंटे लेट पहुंची.
दूसरी तरफ डिजिजनल कमिश्नर अनिल अग्रवाल ने कहा कि पड़ोस में कुछ नया कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई. इस बिल्डिंग में रेस्टोरेंट चल रहा था. अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग गिरने के समय रेस्टोरेंट में कुछ कस्टमर और कर्मचारी मौजूद थे. अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चलता रहा.
इमारत गिरने का था ये कारण
जिलाधिकारी पीयूष समारिया ने बताया कि जो इमारत जमींदोज हुई है, उसके पड़ोस में एक जर्जर इमारत को तोड़ा गया था. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि उसकी इमारत की नींव कमजोर हो गई और यही हादसे का शुरुआती कारण मना जा रहा है. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि सारे तथ्यों के बारे में जांच के बाद ही पता चला था.
यह बड़ा हादसा : मदन दिलावर
राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह एक बड़ा हादसा है. इसके अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता ने कहा कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है. उन्होंने कहा कि खबर मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंच गया. राजस्थान के ऊर्जा मंत्री ने अस्पताल का दौरा किया और घायलों से हालचाल जाना.
यह भी पढ़ें- मनोरंजन बना मातम: सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से इंस्पेक्टर की मौत, ASI समेत 13 घायल
News Source: PTI
