Home Latest News & Updates उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा : रिखणीखाल में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत और 5 घायल

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा : रिखणीखाल में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत और 5 घायल

by Sanjay Kumar Srivastava 28 November 2026, 6:12 PM IST
28 November 2026, 6:12 PM IST
उत्तराखंड के पौड़ी में भीषण सड़क हादसा: रिखणीखाल में 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत और 5 घायल

Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को कलवाड़ी के पास भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर घायल हो गए. यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई. हादसे में ड्राइवर समेत आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. गाड़ी में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं. वे रिखणीखाल में ‘दीदी-भुली’ योजना के लिए आवेदन फॉर्म जमा करके लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि गाड़ी में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे. हादसे के बाद स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

इलाके में शोक की लहर

इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सबसे पहले स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. इस बीच, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार के प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. लैंसडाउन की उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) शालिनी मौर्य भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं.

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

मृतकों में कान्ति देवी (45) पत्नी दिनेश चन्द्र निवासी भंगलवाड़, रेखा देवी ( 42) पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाड़, अनिल देबराडा (48) पुत्र जयानन्द भंगलवाड़ ( चालक), सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिह निवासी भंगलवाड़, सुनीता देवी ( 45) पत्नी मदन सिह निवासी भंगलवाड़, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चन्द्र फता भंगलवाड़, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाड़ व रजनी देवी ( 25) निवासी भंगलवाड़ शामिल हैं. जबकि शशी देवी (35) पत्नी गजेन्द्र सिंह निवासी भंगलवाड़, शकुन्तला देवी (45) पत्नी महेन्द्र सिंह निवासी भंगलवाड़, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़ और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश निवासी भंगलवाड़ गंभीर घायल हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

घायलों के उचित इलाज के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल स्थित कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे की अत्यंत दुखद खबर मिली है. मैं मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैंने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. गंभीर रूप से घायलों को बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश दिए गए हैं.

चलेगा विशेष सड़क सुरक्षा अभियान

इस बीच, राज्य में सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री धामी ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़क हादसों को रोकने के लिए मिलकर कदम उठाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे राज्य में एक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने और तेज गति से गाड़ी चलाने, ओवरलोडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल और हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

पूर्वी अफगानिस्तान में भीषण धमाका : स्कूल में हुए विस्फोट से 7 की मौत, 90 से अधिक घायल

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?