Congress: कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला कोटा लागू करने की आड़ में परिसीमन की प्रक्रिया चलाना चाहते हैं. उनका असली मकसद संविधान को बदलना है. विपक्षी दल ने यह बात तब कही, जब परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के अहम मुद्दे पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर पार्टी के ‘संसदीय रणनीति समूह’ की बैठक हुई.
कहा- मौजूदा लोकसभा सीट रहे बरकरार
इस बैठक में सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, AICC महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, लोकसभा में पार्टी के उप-नेता गौरव गोगोई और निचले सदन में मुख्य सचेतक के. सुरेश समेत कई अन्य नेता शामिल हुए. बैठक के बाद गोगोई ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ सांसदों के बीच चर्चा हुई है और शनिवार को अन्य विपक्षी दलों के साथ एक संयुक्त बैठक बुलाई गई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार मांग की है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या को बरकरार रखा जाए. इसी संख्या के आधार पर महिला आरक्षण लागू किया जाए और लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का जो मौजूदा बंटवारा है, उसे अगले 25 सालों तक ऐसे ही रहने दिया जाए.
BJP ने चुनाव आयोग को कठपुतली की तरह किया इस्तेमाल
गोगोई ने कहा कि महिला कोटा की आड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह परिसीमन करना चाहते हैं. पहले वे SIR (संभावित मतदाता सूची) के जरिए यह तय करते थे कि कौन वोट देगा और कौन नहीं और अब परिसीमन के जरिए वे यह तय करेंगे कि आप कहां वोट दे सकते हैं और कहां नहीं. उन्होंने कहा कि जिस तरह से BJP ने चुनाव आयोग को एक कठपुतली की तरह इस्तेमाल किया है, क्या हम उम्मीद कर सकते हैं कि वे परिसीमन के जरिए न्याय करेंगे? जो लोग मतदाता सूचियों में हेरफेर करते हैं, क्या वह पार्टी लोगों की भलाई के बारे में सोच सकती है? जिन लोगों ने चुनाव आयुक्तों को छूट देने वाला विधेयक पास कराने के लिए 140 से ज्यादा सदस्यों को निलंबित करवा दिया, क्या उन पर भरोसा किया जा सकता है?
विपक्ष करेगा विरोध
गोगोई ने आरोप लगाया कि बीजेपी का इरादा संविधान बदलने का है.उन्होंने कहा कि वे संविधान बदलने के लिए 400 सीटें चाहते थे और अब परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाकर वे फिर से ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस अन्य दलों के साथ मिलकर इसका विरोध करेगी. वह अन्य दलों के साथ बातचीत कर रही है और आगे भी ऐसा करती रहेगी. विपक्षी दल का यह बयान तब आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी.
सरकार ने बुलाया है विशेष सत्र
सरकार इसे अगले हफ्ते शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र के दौरान पेश कर सकती है. सरकार ने चार दिन का विशेष सत्र बुलाया है. लोकसभा में 30 नवंबर और 1 दिसंबर को तथा राज्यसभा में 2 और 3 दिसंबर को. सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए संसद की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त होगी. ये विशेष सत्र मानसून सत्र का ही विस्तार होंगे. संसद की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन सत्र का औपचारिक समापन नहीं किया गया था.
संसद में सरकार को घेरने की तैयारी : परिसीमन विधेयक की चर्चाओं पर 28 को ‘इंडिया’ ब्लॉक का मंथन
