Sonia Gandhi: सोनिया गांधी मतदाता सूची विवाद मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में शनिवार को एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) दाखिल कर दी. ATR में नागरिकता को लेकर बड़ा खुलासा किया गया है. तुगलक रोड पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर यशवंत द्वारा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) विनोद जोशी के समक्ष पेश की गई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि सोनिया गांधी 1980 में भारतीय नागरिक नहीं थीं, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था.
तुगलक रोड थाने के SHO तलब
पुलिस के अनुसार, सोनिया गांधी अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिक बनीं. रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट (DM) और गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा की गई है. अधिवक्ता विकास त्रिपाठी द्वारा दायर इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नागरिकता मिलने से पहले ही गलत तरीके से सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया था. अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय देते हुए तुगलक रोड थाने के एसएचओ (SHO) को तलब किया है.
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को नोटिस
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) को नोटिस जारी किया गया है और उनके जवाब का इंतजार है. इसलिए जांच पूरी करने के लिए कुछ और समय की आवश्यकता है. अदालत ने इस मामले की सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है. अदालत ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन के SHO को बुलाया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या कोई अपराध बनता है या नहीं. 25 नवंबर, 2026 के एक पत्र में ERO कार्यालय ने पुष्टि की कि 1980 और 1983 की मतदाता सूची में सोनिया गांधी का नाम शामिल था. हालांकि, ‘फॉर्म 6’ और अन्य दस्तावेज अभी उपलब्ध नहीं हैं, जो जांच का विषय है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने 18 नवंबर को IP एस्टेट पुलिस स्टेशन के SHO से ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ (ATR) मांगी थी.
वकील की शिकायत पर हो रही सुनवाई
24 अगस्त 2025 को वकील विकास त्रिपाठी ने एक शिकायत दर्ज कराई थी. सेशन कोर्ट के निर्देश पर अदालत कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ इस शिकायत पर नए सिरे से सुनवाई कर रही है. शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी की ओर से वरिष्ठ वकील अजय बर्मन और वकील नीरज तथा हिमांशु सेठी पेश हुए. यह शिकायत 1980 में मतदाता सूची में सोनिया गांधी का नाम शामिल किए जाने से जुड़ी है, जो अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिक बनने से पहले की बात है. सेशन कोर्ट ने पिछले आदेश को रद्द करते हुए मामले को वापस एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM) की अदालत में भेज दिया है. इससे पहले ACJM ने सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश देने से इनकार कर दिया था. 21 सितंबर को, विशेष न्यायाधीश (MP-MLA मामलों के लिए) ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश के खिलाफ विकास त्रिपाठी की रिवीजन याचिका को स्वीकार कर लिया.
आय से अधिक संपत्ति मामले में SC का बड़ा फैसला: राहुल के खिलाफ CBI-ED जांच के आदेश पर रोक
News Source: ANI
