Delhi Police: राष्ट्रीय राजधानी में दशहरा समारोह को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है. चेतावनी दी गई है कि मंगलवार शाम को द्वारका में VVIP मूवमेंट, राहगीरों और वाहनों की भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियां लागू कर दी गई हैं. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि 20 अक्तूबर को द्वारका में दशहरा समारोह के दौरान VVIP मूवमेंट, राहगीरों और वाहनों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए शाम 4:50 बजे से रात 8:00 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियां लागू की गई हैं. ये पाबंदियां अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II), द्वारका एक्सप्रेसवे और रोड नंबर 224 पर शाम 4:50 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेंगी.
वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि यदि संभव हो तो इन सड़कों पर जाने से बचें और समारोह के दौरान होने वाली असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें. एडवाइजरी में कहा गया है कि अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें. साथ ही यह भी कहा गया है कि लोग अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही पार्क करें और सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे उनके निर्देशों का पालन करें और पैदल चलने वालों तथा वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सावधानी से गाड़ी चलाएं.
हनुमान मंदिर और दिल्ली गेट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
इस बीच, सेंट्रल रेंज के DCP (ट्रैफिक) के. रमेश ने बताया कि दशहरा को देखते हुए पिछले 10 दिनों से विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू है. रमेश ने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस उन इलाकों में पूरी तरह तैनात है जहां भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, जैसे कि हनुमान मंदिर और दिल्ली गेट. उन्होंने कहा कि जिले भर में 43 जगहों पर रामलीला का आयोजन हो रहा है और 16 जगहों पर दुर्गा पूजा मनाई जा रही है. इन सभी जगहों पर पिछले नौ दिनों से पुलिसकर्मी तैनात हैं. दशहरा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं. महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. CAPF (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) का भी सहयोग मिला है.
VVIP मूवमेंट के कारण विशेष व्यवस्था
संयुक्त पुलिस आयुक्त (Joint CP) सुमन गोयल ने कहा कि हाई प्रोफाइल दौरों और भारी भीड़-भाड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान वीआईपी (VIP) लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं कि आम जनता को कोई परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि काफी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है और यह आयोजन पूरे पश्चिमी रेंज के कई स्थानों पर हो रहा है. द्वारका जिले और अन्य इलाकों में भी वीआईपी लोगों की काफी आवाजाही रहेगी, इसलिए विशेष व्यवस्था की गई है.
सत्ता परिवर्तन से लेकर OTT कंटेंट तक, विजयादशमी पर मोहन भागवत ने दिया ये संदेश
News Source: ANI
