CNG Price Hike: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सीएनजी के दाम बढ़ गए हैं. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली और आस-पास के शहरों में CNG की कीमत शनिवार से 3.89 रुपये प्रति kg बढ़ जाएगी. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत ₹86.98 प्रति kg हो गई है. ध्यान देने वाली बात यह है कि इस साल यह पांचवीं बार है जब CNG की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है.
लागत कम करने के लिए बढ़े दाम
एक बयान में IGL ने कहा कि CNG के लिए इनपुट गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड LNG से पूरा किया जा रहा है, जिसके मौजूदा मार्केट में रेट वेस्ट एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से बढ़े हैं. IGL ने कहा, “इंटरनेशनल LNG की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और लागत का असर तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए इनपुट गैस की लागत में बढ़ोतरी को कुछ हद तक कम करने के लिए अब 3.89 रुपये प्रति kg का कैलिब्रेटेड बदलाव जरूरी हो गया है. CNG की कीमतों में बदलाव शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो रहा है.”
इससे पहले कब-कब बढ़े दाम
नई बढ़ोतरी के बाद, नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमतें ₹95.59 प्रति kg, मेरठ में ₹95.47 और गुरुग्राम में ₹92.01 हो गई हैं. अलग-अलग राज्यों में VAT की दरें अलग-अलग हैं, जिससे CNG की कीमतों में अंतर आ रहा है. यह बढ़ोतरी अब तक की सबसे ज्यादा है. सबसे पहले दाम 15 मई को बढ़ाए गए थे. उस दिन 2 रुपए प्रति किलो सीएनजी के रेट बढ़ाए गए थे. इसके बाद 18 मई को 1 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद 23 मई को भी 1 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई. 26 मई को 2 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी और अब 3.89 रुपए बढ़ाए गए हैं.
बाकी चीजें भी हो सकती हैं महंगी
CNG की कीमतों में बढ़ोतरी का असर जनता की जेब पर पड़ सकता है. दूसरे राज्यों से इंपोर्ट की जाने वाली सब्जियों, फलों और राशन की कीमतों पर असर पड़ सकता है. इससे ट्रांसपोर्टेशन और खेती-बाड़ी की दूसरी लागतें बढ़ सकती हैं. ट्रैक्टर और पंपिंग की बढ़ती लागत से अनाज की कीमत पर भी असर पड़ सकता है. इसके अलावा, ऑटो, बस और स्कूल बस का किराया भी बढ़ने की संभावना है, जिससे आम लोगों के लिए रोजाना आने-जाने का खर्च बढ़ सकता है.
LPG, PNG, CNG और LNG में क्या है अंतर? दूर करें कन्फ्यूजन, जानें कौन-सी गैस कहां होती है इस्तेमाल
News Source: PTI
