LPG, PNG, CNG and LNG Difference: पिछले कुछ दिनों से हर किसी की जुबान पर कुछ शब्द बार-बार आ रहे हैं- LPG, PNG, CNG और LNG. यहां आपको विस्तार से इनका अंतर बताया गया है.
28 March, 2026
ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका का युद्ध शुरू होने के बाद वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा हो गया है. ईरान ने दुनिया का सबसे जरूरी व्यापारिक रास्ता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर दिया है, जिससे एशियाई देशों के लिए तेल इंपोर्ट करना मुश्किल हो गया है. भारत पर इसका असर साफ-साफ देखने को मिला है. एलपीजी गैस के दाम बढ़ गए हैं. पेट्रोल-डीजल की कीमतें भले ही स्थिर हैं, लेकिन युद्ध लंबा चला तो इस पर भी असर पड़ेगा. वहीं एलपीजी गैस सिलेंडर के नए निर्देश जारी होने के बाद लोग घबराहट में पैनिक परचेज कर रहे हैं, लेकिन पीएनजी गैस पाइपलाइन यूजर्स को गैस की कोई दिक्कत नहीं है.
इन सबके बीच कुछ शब्द ऐसे हैं जो सभी की जुबान पर है, जैसे- LPG, PNG, CNG और LNG. हर तरफ केवल इन्हीं की चर्चा है. लेकिन क्या आपको इन सभी का मतलब पता है. यहां आपको हर टर्म के बारे में डिटेल में बताया गया है. सबसे पहले जान लीजिए कि LPG, PNG, CNG और LNG, यह सभी ऊर्जा के स्त्रोत हैं, लेकिन इन्हें जरूरत के हिसाब से अलग अलग तरीकों से तैयार किया जाता है.
LPG (Liquefied Petroleum Gas)

LPG का मतलब है लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस. यह मुख्य रूप से प्रोपेन और ब्यूटेन का मिक्सचर है. इसे प्रेशर में लिक्विफाई करके स्टील सिलेंडर में स्टोर किया जाता है. इसका इस्तेमाल घरों में खाना पकाने के लिए किया जाता है. LPG आसानी से मिल जाती है और इसे स्टोर करना भी आसान है. LPG साफ जलती है, जिससे यह पर्यावरण के लिए काफी सुरक्षित है. कच्चे तेल को रिफाइन करके कई चरणों के बाद एलपीजी गैस तैयार होती है.
PNG (Piped Natural Gas)

PNG का मतलब है पाइप्ड नेचुरल गैस. इसे सीधे घरों और इंडस्ट्रीज में पाइपलाइन के जरिए सप्लाई किया जाता है. यह मुख्य रूप से मीथेन गैस है. PNG का इस्तेमाल खाना पकाने, हीटिंग और छोटी इंडस्ट्रीज में किया जाता है. इसे सिलेंडर में स्टोर करने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह सीधे पाइपलाइन के जरिए लोगों के घरों तक पहुंचती है. PNG एनर्जी भी एक साफ फ्यूल है.
CNG (Compressed Natural Gas)

CNG का मतलब है कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस. इसे नेचुरल गैस को कम्प्रैस करके बनाया जाता है और आमतौर पर गाड़ियों में फ्यूल के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है. CNG से बहुत कम पॉल्यूशन होता है, इसलिए यह पर्यावरण के लिए अच्छी मानी जाती है. इसे स्टोर करने और गाड़ियों में भरने के लिए सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता है. इसे गाड़ियों के लिए पेट्रोल से सुरक्षित ऑप्शन माना जाता है.
LNG (Liquefied Natural Gas)

LNG का मतलब है लिक्विफाइड नेचुरल गैस. यह नेचुरल गैस है, जिसे कम तापमान (-162°C) में ठंडा करके लिक्विड में बदला जाता है. LNG का इस्तेमाल मुख्य रूप से बड़ी इंडस्ट्री, पावर प्लांट और लंबी दूरी के ट्रांसपोर्टेशन में किया जाता है. लिक्विड होने के कारण, इसे बड़े टैंक में स्टोर किया जा सकता है और समुद्र के रास्ते भेजा जा सकता है. LNG में मीथेन की मात्रा ज़्यादा होती है और यह बहुत ज्यादा एनर्जी देती है. आसान भाषा में कहें तो, LPG पेट्रोलियम उत्पादों से आती है, जबकि CNG, PNG और LNG प्राकृतिक गैस के ही तीन अलग-अलग रूप हैं.
| गैस का नाम | पूरा नाम (Full Form) | मुख्य उपयोग (Usage) | कहाँ से मिलती है? |
|---|---|---|---|
| LPG | लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस | घरों में खाना बनाने (रसोई गैस) | सिलेंडर के माध्यम से |
| CNG | कॉम्प्रेस्ड नेचुरल गैस | कार, बस और ऑटो चलाने के लिए | पेट्रोल पंप/गैस स्टेशन |
| PNG | पाइप्ड नेचुरल गैस | घरों और फैक्ट्रियों में ईंधन | सीधे पाइपलाइन के जरिए |
| LNG | लिक्विफाइड नेचुरल गैस | जहाजों और भारी उद्योगों में | विशेष टैंकर्स द्वारा |
यह भी पढ़ें- सीतारमण ने दिया भरोसाः कहा- भारत के पास दो महीने का पर्याप्त ईंधन, लॉकडाउन पड़ोसी देशों में, भारत में नहीं
