Andhra Pradesh : आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध की वजह से चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग बीमार पड़ गए. राज्य के मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है और सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए हैं.
Andhra Pradesh : अमृत समान माने वाले दूध में भी अब लोगों ने मिलावट करना शुरू कर दिया और इस कारण आम लोग बीमार पड़ रहे हैं. इस तरह की मिलावट की वजह से कई लोगों की मौत भी हो जाती है. ऐसी ही एक घटना आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में देखने को मिली, जहां पर मिलावटी दूध की वजह से 4 लोगों की मौत हो गई. इस घटना के बाद लोगों के मन में दहशत फैल गई. इस मामले में पुलिस को सूचना दे दी गई है और उसने अपनी जांच भी शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस ने सोमवार को बताया कि पिछले 48 घंटे में ईस्ट गोदावरी जिले में एक गैर-कानूनी वेंडर द्वारा सप्लाई किए गए मिलावटी दूध पीने से 4 लोगों की मौत हो गई.
किडनी फेल होने की बताई जा रही है वजह
पुलिस ने बताया कि रविवार को मिलावटी दूध की वजह से दो लोगों की मौत हो गई और उसके अगले दिन दो अन्य लोग भी मृत मिले. राजमहेंद्रवरम नॉर्थ ज़ोन के DSP वाई श्रीकांत ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि शहर में एक गैर-कानूनी वेंडर द्वारा सप्लाई किए गए मिलावटी दूध को पीने से पिछले दो दिनों में चार लोगों की मौत हो गई है. उन्होंने आगे कहा कि शुरुआत जांच से पता चला है कि मिलावटी दूध की वजह से किडनी (गुर्दे) फेल हो गई और इसके कारण यूरिनरी ब्लॉकेज हो गई, जिसके बाद व्यक्ति ने दम तोड़ दिया.
मुख्यमंत्री ने की रिव्यू मीटिंग
चारों पीड़ितों ने उसी लोकल वेंडर से दूध खरीदा था जो राजामहेंद्रवरम में अन्य घरों को दूध सप्लाई करता था. इस मामले में DSP ने बताया कि वेंडर ने घरों में दूध बांटने से पहले लगभग 40 मवेशियों और लोकल किसानों से दूध लिया था. फिलहाल के लिए फूड सेफ्टी अधिकारियों ने दूध के सैंपल इकट्ठा करके टेस्टिंग के लिए अलग-अलग लैब में भेज दिया है. इसके अलावा कई टीम ने आसपास में फील्ड इंस्पेक्शन और मेडिकल सर्विलांस किया. इसी बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने राजामहेंद्रवरम में हुई मौतों के बाद सोमवार को एक रिव्यू मीटिंग की.
चंद्रबाबू नायडू दी गई जानकारी
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जिले के अधिकारियों ने इलाके में दी जा रही मेडिकल सुविधा और प्रभावित इलाकों में फील्ड-लेवल कैंप के साथ रेपिड टेस्ट मेडिकल कैंप जैसे इंतजामों के बारे में जानकारी दी. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इलाज करा रहे लोगों को सबसे अच्छी मेडिकल केयर देने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने नायडू को बताया कि 106 घरों में दूध सप्लाई किया गया और 75 लोगों से सैंपल लिए गए. सीएम ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा 400 करोड़ी ब्रिज, जबलपुर-भोपाल NH-45 पर ओवरब्रिज का बड़ा हिस्सा धंसा
