Mob Lynching: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला. लोगों को शक था कि युवक बच्चा चोरी में शामिल है.
- जलगांव से नरेंद्र कदम की रिपोर्ट
Mob Lynching: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला. लोगों को शक था कि युवक बच्चा चोरी में शामिल है. इसी शक में भीड़ ने उसकी जान ले ली. पुलिस ने पांच को हिरासत में लिया है. यह घटना जलगांव तालुका पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई. इस घटना से जिले में एक बार फिर ‘मॉब लिंचिंग’ का मुद्दा सामने आ गया है. पुलिस ने नागरिकों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है. घटना 23 फरवरी की शाम को जलगांव-कानलदा रोड पर लक्ष्मी जिनिंग इलाके में हुई, जहां लोगों ने एक युवक को बच्चा चोरी करने की कोशिश के शक में बेरहमी से पीटा था. इलाज के दौरान 24 फरवरी को उसकी मृत्यु हो गई.
पुलिस ने पांच को पकड़ा
जलगांव में एक 30 साल के युवक को भीड़ द्वारा बेरहमी से पीट-पीटकर मार डालने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. यह घटना एक बच्चे को अगवा करने के शक में हुई और पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है. जलगांव से कानडदा रोड पर आव्हाने शिवार के लक्ष्मी जिनिंग इलाके में एक अनजान लड़का शक के घेरे में था. वहां मौजूद लोगों को शक था कि यह लड़का वहां रहने वाले मनोहर भगवान सोनावणे के 3 साल के बेटे विराट उर्फ लकी को ले जा रहा है. इस शक से इलाके में तनाव का माहौल बन गया और जल्द ही भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ ने बिना किसी तरह की जांच किए या पुलिस को बताए लड़के को पकड़ लिया और लात-घूंसों, डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया.
जलगांव तालुका पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई घटना
अवने गांव के सरपंच पिंटू पाटिल को घटना की गंभीरता का एहसास हुआ और उन्होंने जलगांव तालुका पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी. जब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि युवक खून से लथपथ पड़ा था. उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था और शरीर पर गंभीर चोटें थीं. गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने तुरंत जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, इलाज के दौरान 24 फरवरी को उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में पांच संदिग्धों मनोहर सोनावने, अजय कोली, प्रशांत सोनावने, अजय उर्फ बादल सोनावने और आफताब आरिफ खटीक को हिरासत में ले लिया है. जलगांव तालुका पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई इस घटना से जिले में एक बार फिर ‘मॉब लिंचिंग’ का मुद्दा सामने आ गया है. पुलिस ने नागरिकों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है.
ये भी पढ़ेंः भागलपुर: 6 सेकेंड में 4 जिंदगियां खत्म, हादसे के बाद तड़पते रहे लोग, आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस-पुलिस
