India-Nepal Border: नेपाल में होने वाले चुनाव को देखते हुए पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था अभी से ही कड़ी कर दी गई है. इसका असर भारत-नेपाल सीमा पर भी पड़ा है.
India-Nepal Border: नेपाल में होने वाले चुनाव को देखते हुए पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था अभी से ही कड़ी कर दी गई है. इसका असर भारत-नेपाल सीमा पर भी पड़ा है. चुनाव के दौरान भारत की सीमा से कोई नेपाल में प्रवेश करके चुनाव को प्रभावित न कर दे, इसे देखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है. आने-जाने वालों पर सख्त निगाह रखी जा रही है. नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा 2 मार्च की मध्यरात्रि से 5 मार्च की मध्यरात्रि तक बंद कर दी जाएगी. बहराइच के रुपईडीहा में एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) के प्रभारी सुधीर शर्मा ने पीटीआई को बताया कि नेपाल के गृह मंत्रालय ने बंद के संबंध में 26 फरवरी को एक आधिकारिक सूचना जारी की है.
सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता
पत्र के अनुसार, भारत से सटे बांके जिले के पूरे हिस्से में सभी सीमा चौकियां 2 मार्च से बंद रहेंगी. यह सुनिश्चित करने के लिए कि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और विश्वसनीय वातावरण में आयोजित की जाए. शर्मा ने कहा कि 2 और 3 मार्च की मध्यरात्रि से 5 मार्च की रात 12 बजे तक एकीकृत जांच चौकी के माध्यम से माल का आयात और निर्यात बंद रहेगा, लेकिन आवश्यक दवाओं और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं की आवाजाही नहीं रोकी जाएगी. सशस्त्र सीमा बल की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने कहा कि नेपाल प्रशासन से एक संचार के बाद 2 मार्च की रात से 5 मार्च को मतदान की रात तक सीमा पर प्रतिबंधित लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि सीमा पर पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
मरीजों पर रोक नहीं
पहचान दस्तावेजों की गहन जांच और सत्यापन के बाद ही लोगों को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है. दोनों देशों के नागरिकों को सलाह दी गई है कि जब तक बहुत जरूरी न हो प्रतिबंधित अवधि के दौरान सीमा पार करने से बचें. उदावत ने कहा कि बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक रोजगार और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए भारत में रहते हैं. ऐसे मतदाताओं, साथ ही गंभीर रूप से बीमार व रोगियों और आवश्यक सामानों को सुरक्षा बलों की निगरानी में सीमा पार करने की अनुमति दी जा सकती है. सशस्त्र सीमा बल की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने कहा कि सीमा पार करने के दौरान नागरिक आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ेंः ‘भारत है, उत्तर कोरिया नहीं…’ IYC कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर राहुल का तंज; PM पर साधा निशाना
News Source: PTI
