Tantra Mantra: उत्तर प्रदेश के महोबा शहर में तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां पान मंडी में सब्जी बेच रही एक महिला को दो बाबाओं ने अपनी बातों में उलझाया और अनर्थ होने का डर दिखाकर उस पर जादू-टोना कर दिया.
- महोबा से SHANTANU SONI की रिपोर्ट
Tantra Mantra: उत्तर प्रदेश के महोबा शहर में तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां पान मंडी में सब्जी बेच रही एक महिला को दो बाबाओं ने अपनी बातों में उलझाया और अनर्थ होने का डर दिखाकर उस पर जादू-टोना कर दिया. छड़ी मारते ही महिला अचेत होकर गिर पड़ी. स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, जबकि दूसरा फरार है. महोबा जनपद के चरखारी कोतवाली क्षेत्र के नरेडी गांव का रहने वाला कल्लू पत्नी रमा के साथ मुख्यालय के पनागरपुरा में रहकर मजदूरी करता है. रमा घर चलाने में मदद के लिए पान मंडी में सब्जी बेचने का काम करती है. लेकिन शुक्रवार का दिन रमा के लिए एक खौफनाक अनुभव लेकर आया.
अनर्थ का डर दिखाकर किया तंत्र-मंत्र
मंडी में काम के दौरान झोला टांगे दो युवक रमा के पास पहुंचे और भीख मांगने लगे. जब रमा ने पैसे देने से मना किया तो उन बाबाओं ने उसे डराना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि उसके साथ अनर्थ होने वाला है और उसकी दशा ठीक नहीं चल रही है. महिला को मानसिक रूप से कमजोर करने के लिए उन्होंने अगरबत्ती और लोबान जलाया. इसके बाद दो गुलाब के फूल उसके सामने रख दिए. तभी अचानक उन बाबाओं ने अपनी छड़ी से महिला के सिर और हाथ पर मारा, जिसके तुरंत बाद रमा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी. महिला को अचेत होते देख आसपास के दुकानदारों और आढ़तियों में हड़कंप मच गया.
लोगों ने बाबा को जमकर पीटा
सतर्क दुकानदारों ने भागने की कोशिश कर रहे एक बाबा को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी बाबा को हिरासत में ले लिया. इधर, आनन-फानन में बेहोश रमा को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. इलाज कर रहे डॉक्टर अमित राजपूत ने बताया कि महिला अत्यधिक घबराहट और बेचैनी की स्थिति में थी. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस अब पकड़े गए बाबा से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके इरादों का पता लगाया जा सके. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि इलाके में कोई संदिग्ध बाबा घूमते नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. जिससे ठगी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
ये भी पढ़ेंः LPG का हाहाकार: केरल में 40% रेस्टोरेंट्स बंद, तमिलनाडु में 398 सिलेंडर जमा करने पर 2 गिरफ्तार
