Delhi NCR Weather: आज दिल्ली एनसीआर में बारिश, आंधी और तूफान ने गर्मी से मौसम सुहाना तो किया है, लेकिन लोगों को परेशानी भी हो रही है. मौसम विभाग ने देश के 19 राज्यों के बारिश का अलर्ट जारी किया है.
20 March, 2026
दिल्ली-एनसीआर में ठंड वापस आ चुकी है. बीते 2 दिनों से दिल्ली एनसीआर में मौसम बदल चुका है. बारिश, आंधी और तूफान ने गर्मी से मौसम सुहाना तो किया है, लेकिन लोगों को परेशानी भी हो रही है. दिल्ली-NCR में कल बारिश हुई थी और आज अचानक मौसम बदल गया, तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया. देश भर के कई राज्यों में बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर बारिश हुई. इस बीच, पहाड़ों पर बर्फबारी ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
मौसम विभाग ने 18 से 20 मार्च तक दिल्ली एनसीआर के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. आज के लिए भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में हल्की बारिश और बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि का भी अनुमान जाताया है. इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग ने 19 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी दी है. साथ ही तापमान घटकर 22 डिग्री तक पहुंच गया है.

यूपी-बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम साफ दिखेगा. कानपुर, आगरा, गोरखपुर, बरेली और अलीगढ़ जैसे शहरों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. लखनऊ समेत कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होगी, जिससे तापमान कम होगा. उत्तराखंड में मौसम और मुश्किल हो सकता है. बिहार और झारखंड में भी मौसम खराब रहने की उम्मीद है. कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है, जिससे बिजली सप्लाई और ट्रैफिक में रुकावट आ सकती है.
पहाड़ी राज्यों का हाल
देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने का खतरा है. पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और सड़कें बंद होने की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली और कुल्लू जैसे इलाकों में बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है. यहां तेज ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी.

मध्यप्रदेश-राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा. कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओले भी पड़ सकते हैं, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है. पश्चिमी भारत में, महाराष्ट्र और गुजरात में भी मौसम बदलने की उम्मीद है, जहां हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चलने की उम्मीद है. गोवा में भी बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी होगी. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है.
दक्षिण भारत में मौसम का हाल
दक्षिणी भारत में, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है. कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश भी हो सकती है. इससे तापमान में कमी आएगी. कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों में मौसम तेजी से बदलता रहेगा.
यह भी पढ़ें- सूरत से अहमदाबाद तक जाली नोटों का जालः VVIP स्टिकर लगी SUV से करोड़ों की नकली करेंसी बरामद
