Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को भीषण हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. सभी श्रद्धालु पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर में खल्लारी माता का दर्शन कर रोपवे से लौट रहे थे.
Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को भीषण हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए. सभी श्रद्धालु पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर में खल्लारी माता का दर्शन कर रोपवे से लौट रहे थे. इस दौरान केबल टूटने से रोपवे हवा में हवा में लहराते हुए करीब 300 फीट नीचे गिर गया. बागबाहरा की उपविभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) नमिता मार्कोले ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे हुई, जब ट्रॉली का केबल टूट गया. ट्रॉली सात श्रद्धालुओं को पहाड़ी की चोटी से नीचे ला रही थी. इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि ट्रॉली करीब 300 फीट की ऊंचाई से गिरी. लगभग 1,100 फीट की ऊंचाई पर पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर के पास पहुंचने के लिए भक्त आमतौर पर रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं. पर्यटक लगभग 900 सीढ़ियां चढ़कर भी मंदिर तक पहुंच सकते हैं.
घटना के बाद दूसरा रोपवे रोका गया
एसडीएम ने कहा कि श्रद्धालु नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा तहसील के खल्लारी (भीमखोज) गांव में एक पहाड़ी पर स्थित खल्लारी माता मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि रायपुर की आयुषी सत्कार (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति ऋषभ धावरे (29) और एक अन्य नाबालिग रिश्तेदार छायांश धावरे (16) सहित छह अन्य घायल हो गए. अन्य घायलों की पहचान गोविंद स्वामी (47), नमिता स्वामी (48), नाबालिग कुशमिता स्वामी (10) और मंश्वी गोदारिया (12) के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि छह घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उनमें से चार को रायपुर रेफर किया गया. घटना के बाद लगभग 10 यात्रियों को ले जा रही एक अन्य ट्रॉली को तुरंत बेस पर वापस लाया गया.
सीएम ने जांच के दिए आदेश
अधिकारियों ने कहा कि हालांकि उस केबल कार में यात्रियों को जोरदार झटका लगा, लेकिन किसी बड़ी चोट की सूचना नहीं है. उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. सीएम साय ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और दर्दनाक है. उन्होंने दुर्घटना में महिला की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और उसके परिवार के लिए शक्ति की प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि जैसे ही दुर्घटना की जानकारी मिली, घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए. कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और जिम्मेदार पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. मैं खल्लारी माता से सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
ये भी पढ़ेंः कतर में हेलीकॉप्टर हादसा, 6 लोगों की मौत और एक लापता; बचाव कार्यों में जुटी टीम
News Source: PTI
